
सिमरोल। इंदौर जिले के सिमरोल थाना क्षेत्र में अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। जहां मंदिर जैसी पवित्र जगह भी अब सुरक्षित नहीं रह गई है। एक ही मंदिर को एक सप्ताह के भीतर बदमाशों द्वारा दो बार निशाना बनाए जाने से इलाके में डर का माहौल है।
दरअसल इंदौर जिले के सिमरोल थाना क्षेत्र के शिव नगर में स्थित गोगनेश्वर महादेव मंदिर में बदमाशों ने एक सप्ताह के भीतर दो बार सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया। पहली घटना में आरोपी श्रद्धालु बनकर मंदिर पहुंचे और पूजा-अर्चना के बहाने वहीं रुक गए। देर रात उन्होंने मंदिर के पुजारी को बंधक बना लिया और मंदिर में रखी चांदी की मूर्ति व नगदी लेकर फरार हो गए।
इसके कुछ ही दिनों बाद बदमाशों ने दोबारा मंदिर को निशाना बनाया। इस बार आरोपी सीधे मंदिर में घुस आए और पुजारी के साथ मारपीट की। हालांकि इस वारदात में वे किसी भी तरह की चोरी नहीं कर सके और मौके से भाग निकले। हमले में पुजारी को चोटें आई हैं, जिनका इलाज कराया गया है। लगातार दो घटनाओं के बाद क्षेत्र के रहवासियों में भारी दहशत है और मंदिरों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।
घटना की जानकारी मिलते ही सिमरोल पुलिस हरकत में आ गई। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है और संदिग्ध लोगों से पूछताछ की जा रही है। साथ ही एसपी का दावा है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। वहीं पुलिस ने इलाके में गश्त बढ़ा दी है और मंदिरों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की बात कही है।

©2026 Agnibaan , All Rights Reserved