
- रात में ही कई किराएदारों ने खाली कर दिया था मकान
- तीन पोकलेन से दो घंटे की कार्रवाई में ही निगम ने सुबह हटाया हवा में झूलता खतरा
इन्दौर। नगर निगम (Municipal council) ने बारिश (Rain) के पहले खतरनाक मकानों (Dangerous house) को ढहाने ( demolished) की कार्रवाई का अभियान शुरू कर दिया है और इसी के चलते आज सुबह-सुबह छोटी ग्वालटोली (Chhoti Gwaltoli ) में एक खतरनाक मकान पोकलेन की मदद से ढहाना शुरू किया। मकान तोडऩे के लिए निगम ने कुछ दिन पहले ही संबंधितों को नोटिस दिए थे और आज सुबह 7 बजे से कार्रवाई शुरू कर दो घंटे में पूरा मकान ढहा दिया।
हर बार बारिश के पहले नगर निगम खतरनाक मकानों को ढहाने की कार्रवाई करता है और इसके लिए सभी झोनलों से खतरनाक मकानों की सूची बुलवाई जाती है और उसी आधार पर कार्रवाई की प्लानिंग होती है। भवन अधिकारी गीतेश तिवारी ने बताया कि वार्ड 55 के अंतर्गत छोटी ग्वालटोली क्षेत्र में रामरतन अग्रवाल, अतुल अग्रवाल एवं अन्य के नाम से 13/1, छोटी ग्वालटोली में वर्षों पुराना मकान खतरनाक और जर्जर हालत में था, जिसको लेकर निगम की टीम वहां दो बार दौरा कर चुकी थी और मकान खतरनाक पाए जाने पर संबंधितों को नोटिस दिए थे। मकान में कई किरायेदार होने के चलते निगम द्वारा संबंधितों को कुछ दिनों की मोहलत दी गई और कल रात ही कई किरायेदार कार्रवाई की भनक के चलते मकान खाली कर गए थे। आज सुबह 7 बजे नगर निगम की टीम पुलिस बल और निगम अमले के साथ तीन पोकलेन मशीनें लेकर क्षेत्र में पहुंची और कार्रवाई शुरू कर दी। सहायक रिमूवल अधिकारी बबलू कल्याणे के मुताबिक कई लोग रात में ही घर खाली कर गए थे और तीन पोकलेन मशीनों की मदद से कार्रवाई का अभियान शुरू किया गया। दो घंटे के अंतराल में ही पूरा जर्जर मकान ढहा दिया गया। पिछले कई दिनों से तंग गली के आसपास मकानों का प्लास्टर गिरने से लोग परेशान हो रहे थे और कई लोगों ने इसकी शिकायत निगम में भी की थी।
मकान के हिस्से में पेड़ भी था भरभराकर गिरा
मकान के पिछले हिस्से में वर्षों पुराना एक छोटा पेड़ था। कार्रवाई के दौरान पोकलेन का पंजा लगने से पेड़ का हिस्सा भी भरभराकर गिर गया। संयोग से किसी को चोट नहीं आई। उद्यान विभाग की टीम बुलवाकर वहां से गिरा पेड़ हटवाया गया। कार्रवाई लगभग पूरी कर ली गई है और अब सडक़ पर गिरा मलबा हटाने की कार्रवाई की जाएगी।