
पहले दौर में चूहों के बिलों को बंद कर उसके बाद वहां सौंदर्यीकरण के कार्य होंगे
इन्दौर। रीगल तिराहे (Regal Junction) की वर्षों पुरानी रोटरी (Old Rotary) को तोडक़र उसे फिर नए सिरे से संवारा जाएगा और इसके लिए कुछ निजी संस्थानों की मदद ली जाएगी। पहले दौर में रोटरी के आसपास के हिस्सो में चूहों (Rat) के बिल और धंसी जमीन को समतल किया जाएगा। उसके बाद वहां सौंदर्यीकरण के कई कार्य होंगे। निगम (Corporation) ने यह रोटरी एक संस्थान को गोद दी है।
गांधी प्रतिमा वाली रोटरी के आसपास ढेरों चूहों ने बिल बना लिया था, क्योंकि वहां सुबह-सुबह कई लोग कबूतरों का दाना डालने पहुंचते हैं और इसी कारण चूहों की संख्या वहां लगातार बढ़ती गई। पिछले दिनों शास्त्र ब्रिज के आसपास के हिस्सों में भी चूहों के बिलों को बंद करने के लिए नगर निगम ने केमिकल और कांच भरकर कई बिलों को बंद किया था। नगर निगम द्वारा अब रोटरी केहिस्से में कई कार्य शुरू करवाए जा रहे हैं और आज सुबह से वहां तोडफ़ोड़ का काम शुरू किया गया। जनकार्य समिति प्रभारी राजेंद्र राठौर के मुताबिक पहले निगम अपने स्तर पर काम करेगा और फिर उसके बाद रोटरी को गोद लेने वाले संस्थान द्वारा उसे लाखों की राशि खर्च कर संवारने की तैयारी है। निगम ने करीब एक दर्जन से ज्यादा रोटरी और डिवाइडरों के साथ-साथ कुछ उद्यान भी गोद दिए हैं और इसके लिए तमाम शर्तें और अनुबंध संबंधित संस्थाओं से किए गए हैं।