img-fluid

इंदौर: जमीन के नाम पर 3.16 करोड़ की ठगी,  12 साल पुरानी पहचान बनी धोखे की वजह…

November 16, 2026

दूध कारोबारी को लगाया करोड़ों का चूना…..

इंदौर. इंदौर (Indore) में जमीन के कारोबार (Real estate business) के नाम पर करोड़ों रुपये (Crores of rupees) की धोखाधड़ी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां 12 साल पुरानी पहचान और भरोसे का फायदा उठाकर एक दूध कारोबारी से 3 करोड़ 16 लाख 50 हजार रुपये हड़प लिए गए। आरोपियों ने पहले कम कीमत में पांच प्लॉट दिलाने का झांसा दिया और फिर महू में हजारों वर्गफीट जमीन का बड़ा सौदा दिखाकर करोड़ों रुपये वसूल लिए। लेकिन जब रजिस्ट्री और कब्जे की बारी आई तो आरोपियों ने हाथ खड़े कर दिए। क्राइम ब्रांच की जांच के बाद चार लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।


  • दरअसल, जूनी इंदौर के रूपराम नगर निवासी सतीश गुर्जर दूध का व्यवसाय करते हैं। उनकी दुकान पर करीब 12 साल से संजय कर्दम दूध लेने आता था। इसी पुरानी पहचान का फायदा उठाते हुए संजय ने सतीश की मुलाकात अपने साथियों हरगुन आहूजा और संतोष सचदेवा से कराई। साल 2022 में आरोपियों ने खुद को यंग एंड ग्रो कंपनी का प्रोपराइटर बताते हुए करीब 60 लाख रुपये में पांच प्लॉट दिलाने का सौदा किया। सतीश ने नकद और ऑनलाइन माध्यम से भुगतान भी कर दिया, लेकिन न प्लॉट मिले और न रजिस्ट्री हुई। इसके बाद आरोपियों ने महू के ग्राम सोनवाय स्थित रीगेन रीजेंसी में 37 हजार वर्गफीट से अधिक जमीन का नया सौदा दिखाया। इसमें सतीश के साथी मुकेश को भी शामिल किया गया। जमीन का सौदा 5 करोड़ 63 लाख 17 हजार रुपये में तय हुआ। आरोप है कि शुरुआत में 1 करोड़ 6 लाख रुपये नकद लिए गए और फिर कॉलोनी विकास, सरकारी अनुमतियों तथा न्यायालयीन प्रक्रियाओं के नाम पर अलग-अलग बैंक खातों में रकम जमा कराई गई। इस तरह आरोपियों ने कुल 3 करोड़ 16 लाख 50 हजार रुपये ले लिए, लेकिन जब सतीश रजिस्ट्री के लिए दबाव बनाने लगे तो आरोपी टालमटोल करने लगे। शक होने पर जब वे मौके पर पहुंचे तो वहां कृषि डेवलपर्स का बोर्ड लगा मिला। जांच में पता चला कि जिस जमीन का सौदा कराया गया था, वह किसी अन्य व्यक्ति रितेश बंसल की है। इतना ही नहीं, आरोपी की पहचान से जुड़े आधार कार्ड और अन्य दस्तावेज भी कथित तौर पर अलग-अलग और फर्जी पाए गए। ठगी का अहसास होने के बाद फरियादी ने आरोपियों को कोर्ट के माध्यम से नोटिस भिजवाए और क्राइम ब्रांच में शिकायत की। जांच के बाद क्राइम ब्रांच ने संजय कर्दम, हरगुन आहूजा, संतोष सचदेवा और परेश छेड़ा के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश के साथ पूरे लेन-देन और जमीन के दस्तावेजों की पड़ताल कर रही है।

    Share:

  • सम्बंधित ख़बरें
    लेटेस्ट
    खरी-खरी
    का राशिफल
    जीवनशैली
    मनोरंजन
    अभी-अभी
  • Archives

  • ©2026 Agnibaan , All Rights Reserved