
इंदौर। रेलवे (Railway) एक ओर बुलेट ट्रेन (Bullet train) और नई ट्रेनों के संचालन की बात कर रहा है, वहीं दूसरी ओर मौजूदा ट्रेनों की लेटलतीफी यात्रियों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। मुंबई सेंट्रल से इंदौर (Mumbai-Indore train ) आने वाली ट्रेन नंबर 09085 मुंबई सेंट्रल-इंदौर स्पेशल के कल करीब साढ़े तीन घंटे लेट होने पर एक यात्रियों का गुस्सा फूट पड़ा। यात्री ने सीधे रेल मंत्री (Railway Minister) अश्विनी वैष्णव को टैग करते हुए सवाल किया कि जब रेलवे नियमित ट्रेनों को समय पर नहीं चला पा रहा है तो नई ट्रेनें क्यों शुरू की जा रही हैं। यात्री ने यहां तक कह दिया कि अगर ट्रेनें समय पर नहीं चला सकते तो इस्तीफा दे दीजिए।
यात्री चंदन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स रेलमंत्री और पीएमओ को टैग कर लिखा कि 11 घंटे का सफर 15 घंटे में पूरा हो रहा है। यानी यात्रियों को करीब 35 प्रतिशत अतिरिक्त समय खर्च करना पड़ रहा है। उन्होंने रेलवे की औसत रफ्तार करीब 40 किलोमीटर प्रतिघंटा बताते हुए कहा कि पिछले 35 वर्षों में रेलवे में कोई खास सुधार नहीं हुआ है। उन्होंने तंज कसते हुए लिखा कि रेलवे को नई ट्रेनों और बुलेट ट्रेन की बात करने के बजाय मौजूदा ट्रेनों के संचालन पर ध्यान देना चाहिए। यात्री ने यह भी टिप्पणी की कि 1960 के दशक में रेलवे इससे बेहतर था और शायद अफ्रीका में भी ट्रेनें इससे बेहतर चलती होंगी।
वडोदरा से रतलाम के बीच बढ़ती गई देरी
मामले में रतलाम मंडल के डीआरएम ने जवाब दिया कि ट्रेन को वडोदरा मंडल की ओर से गोधरा स्टेशन पर 2 घंटे 27 मिनट की देरी से रतलाम मंडल को सौंपा गया था। प्राप्त जानकारी के अनुसार मुंबई से रवाना होने के बाद रास्ते में ट्रेन की देरी लगातार बढ़ती गई। सूरत पहुंचने तक यह करीब 31 मिनट लेट थी, जबकि वडोदरा में देरी बढ़कर करीब 1 घंटे 51 मिनट हो गई। दाहोद में ट्रेन करीब 2 घंटे 57 मिनट और रतलाम में 3 घंटे 22 मिनट देरी से पहुंची। उज्जैन पहुंचने तक देरी करीब 3 घंटे 29 मिनट हो गई। इसके बाद ट्रेन ने थोड़ा समय कवर किया इसके बाद भी यह 2 घंटे 17 मिनट देरी से दोपहर 3:17 बजे इंदौर पहुंची।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved