
इंदौर। इंदौर शहर में युवाओं को नशे की गिरफ्त में धकेलने वाली प्रतिबंधित और नशीली दवाओं के अवैध कारोबार पर रोक लगाने के लिए इंदौर पुलिस लगातार मुस्तैद नजर आ रही है। इसी कड़ी में एरोड्रम थाना पुलिस ने क्षेत्र के 60 फीट रोड स्थित आधा दर्जन मेडिकल स्टोर्स पर अचानक दबिश देकर चेकिंग अभियान चलाया। पुलिस टीम ने मेडिकल स्टोर्स के स्टॉक और सेल रजिस्टरों को खंगालते हुए मेडिकल संचालकों को सख्त चेतावनी दी है।
इंदौर शहर में संदिग्ध और नशे के रूप में इस्तेमाल होने वाली प्रतिबंधित दवाओं की अवैध बिक्री को शून्य करने के उद्देश्य से पुलिस कमिश्नरेट द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है।इसी क्रम में एरोड्रम थाना प्रभारी मनोज सिंह सेंधव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने क्षेत्र के 60 फीट रोड पर स्थित लगभग आधा दर्जन प्रमुख मेडिकल स्टोर्स पर अचानक दबिश दी।पुलिस की इस अचानक हुई कार्रवाई से क्षेत्र के मेडिकल संचालकों में हड़कंप मच गया। पुलिस टीम ने मेडिकल स्टोर्स के परिसरों का बारीकी से निरीक्षण किया और वहाँ मौजूद दवाइयों के स्टॉक तथा बिक्री रजिस्टरों की गहनता से पड़ताल की।
कार्रवाई के दौरान पुलिस अधिकारियों ने बिना डॉक्टर के पर्चे के बेची जाने वाली संदिग्ध सिरप, गोलियों, साल्ट और प्रतिबंधित नशीली दवाओं के रिकॉर्ड को विशेष रूप से खंगाला। इसके साथ ही पुलिस ने मौके पर मौजूद सभी मेडिकल स्टोर संचालकों को कड़े शब्दों में हिदायत दी कि किसी भी परिस्थिति में बिना वैध डॉक्टर के पर्चे के कोई भी प्रतिबंधित या नशीली दवा न बेची जाए।थाना प्रभारी ने स्पष्ट कर दिया है कि यदि किसी भी स्टोर पर नशीली दवाओं का अवैध भंडारण, बिना पर्ची बिक्री या संदिग्ध क्रय-विक्रय पाया जाता है, तो संबंधित स्टोर संचालक के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट और सुसंगत धाराओं में कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved