
सिरपुर तालाब की जलकुंभी के लिए नया प्रयोग
इंदौर। सिरपुर (Sirpur) के बड़े और छोटे तालाब (Small Ponds) में जमा जलकुंभी (Accumulated Water Hyacinths) को लेकर नगर निगम (Municipal council) कमिश्नर (Commissioner) ने अफसरों को कड़ी फटकार लगाई और वहां तेजी से सफाई अभियान चलाने के निर्देश दिए। रामसर साइट (Ramsar Site) पर हो रही बदहाली को लेकर 15 दिन में वहां स्थिति बदलने के निर्देश दिए गए। अब नए प्रयोग से वहां काम शुरू किया गया है।

बड़े सिरपुर तालाब में आसपास की कई कालोनियों और क्षेत्रों का गंदा पानी आने के कारण तालाब का पानी बदबूदार हो रहा था और कई हिस्सों में जलकुंभी जमा हो गई थी, जिसके कारण पूरा क्षेत्र खराब हो रहा था। इसके अलावा छोटा सिरपुर तालाब क्षेत्र में इससे भी ज्यादा बदहाल स्थिति है। वहां का पूरा इलाका जलकुंभी से अटा पड़ा है। दोनों स्थानों पर निरीक्षण के दौरान निगमायुक्त क्षितिज सिंघल अफसरों पर भडक़े और कहा कि सिरपुर तालाब रामसर साइट पर यह हाल है। 15 दिनों में वहां सफाई अभियान पूरा किया जाए। अब नगर निगम द्वारा उक्त क्षेत्र में सफाई के लिए नए प्रयोग किए जा रहे हैं। निगम अधिकारियों के मुताबिक पहले पोकलेन की मदद से तालाब की सफाई और जलकुंभी निकालने का काम किया जा रहा था, लेकिन इसमें काफी समय लग रहा था, क्योंकि पोकलेन के पंजे से काम में तेजी नहीं आ पा रही थी और इसी के चलते कुछ अधिकारियों के सुझाव पर नया प्रयोग शुरू किया गया। पोकलेन के पंजे को खोलकर उसमें बड़ी जाली वाले बकेट लगा दिए गए। इससे काम न केवल तेजी से हो पाएगा, बल्कि सारी जलकुंभी बकेट के माध्यम से खींचकर बाहर कर दी जाएगी। अधिकारियों के मुताबिक वहां चार से पांच पोकलोन लगाई गई हैं और उन सभी पोकलेन में बड़ी बकेट लगाई जा रही है।
तालाब में जुड़ऩे वाले गंदे पानी के आउटफाल्स भी बंद होंगे
सिरपुर के छोटे-बड़े तालाब में कई जगह गंदे पानी के आउटफाल्स फिर से कुछ लोगों द्वारा बना लिए गए थे। इस मामले में निगम की टीमों को कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं और साथ ही उन आउटफाल्स को बंद किया जा रहा है, ताकि आसपास की कालोनियों की सीवरेज का गंदा पानी मिक्स न हो। इसके अलावा कई लोगों पर चालानी कार्रवाई भी किए जाने के निर्देश दिए गए हैं।