
इंदौर। युद्ध (War) के मद्देनजर पेट्रोल-डीजल (Petrol-diesel) के साथ ही गैस (Gas) की कमी होने की आशंका से घबराए लोगों ने स्टॉक (Stock) करना शुरू कर दिया, जिसके चलते 10 गुना से अधिक बुकिंग रसोई गैस एजेंसियों के पास पहुंच गई और लम्बी कतारों के साथ अपने दो पहिया वाहनों-कारों में सिलेंडरों को ढोते लोग नजर आ रहे हैं। दूसरी तरफ डीजल भट्टी, इलेक्ट्रिक इंडक्शन सहित अन्य वैकल्पिक इस्तेमाल भी रेस्टोरेंट, कारखानों, होटलों, नमकीन निर्माताओं सहित अन्य ने शुरू कर दिया है।
छप्पन दुकान पर भी इंडक्शन के साथ माइक्रोवेव ओवन सहित अन्य इस्तेमाल बढ़ गए हैं। दूसरी तरफ आज कलेक्टर से फिर से मिलने भी गैस एजेंसी संचालक पहुंचे हैं। कल भी ऑइल कम्पनियों और पीएनजी सप्लाय करने वाली अवंतिका गैस सहित एजेंसियों के साथ कलेक्टर शिवम वर्मा ने बैठक की। जिला आपूर्ति नियंत्रक मोहनलाल मारु के मुताबिक बीते दो दिनों में ही सामान्य की तुलना में 10 गुना से अधिक बुकिंग दर्ज हो गई है। दरअसल, संकट की आशंका के चलते घबराहट में लोग बुकिंग कर रहे हैं। जबकि सभी को सलाह दी जा रही है कि अनावश्यक भय में ना रहें। रसोई गैस के सिलेंडरों की पर्याप्त व्यवस्था है और सभी उपभोक्ताओं को नियमित रूप से बुकिंग के आधार पर ये सिलेंडर मिलते रहेंगे। अभी 21 की बजाय 25 दिन बुकिंग का समय किया गया है और वैसे बुकिंग के तीन दिन के भीतर ओटीपी के माध्यम से डिलीवरी घरों तक की जा रही है। कमर्शियल गैस सिलेंडरों की आपूर्ति अवश्य प्रभावित है और इससे जुड़े लोगों ने भी अस्थायी रूप से डीजल भट्टी, इंडक्शन, इलेक्ट्रिक ऑइल जैसे वैकल्पिक साधन अपनाना भी शुरू कर दिए हैं।
कलेक्टर ने कहा- जनता नहीं घबराए
शहर में गैस एजेंसियों पर लग रही कतार और उपभोक्ताओं की परेशानी को देखते हुए कलेक्टर ने अपील की है कि जनता घबराए नहीं। इंदौर शहर में घेरलू गैैस की पर्याप्त उपलब्धता है। इसके लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए गए हैं और पीएनजी कनेक्शन देने को भी कहा गया है। बुकिंग के बाद एजेंसियां घर पहुंच सेवा देने को तत्पर है। इसलिए कतार न लगाएं।