
इन्दौर। सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग को पूरी तरह खत्म करने के उद्देश्य से नगर निगम द्वारा आज सुबह नेहरू स्टेडियम में भव्य साड़ी वॉकेथान का आयोजन किया गया, जिसमें पांच सौ से ज्यादा महिलाओं ने भाग लिया और स्वच्छता के साथ ही सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने की सलाह दी गई।
सुबह नेहरू स्टेडियम पर आयोजित साड़ी वॉकेथान का शुभारंभ महापौर पुष्यमित्र भार्गव, स्वास्थ्य समिति प्रभारी अश्विन शुक्ल, अपर आयुक्त प्रखरसिंह ने किया। इस दौरान महिलाएं बड़ी संख्या में शामिल हुईं और उन्हें सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने के साथ कपड़ों के झोलों का उपयोग करने की शपथ दिलाई गई। महापौर ने कहा कि इन्दौर के स्वच्छता अभियान में महिलाओं की विशेष भूमिका रही है और वह न केवल अपना घर, बल्कि अपने आसपास के इलाकों को भी स्वच्छ रखने पर ध्यान देती है। नेहरू स्टेडियम से शुरू हुई साड़ी वॉकेथान डेली कॉलेज होते हुए पुन: नेहरू स्टेडियम पहुंची। इस दौरान कई महिलाएं स्वच्छ इन्दौर, प्लास्टिक मुक्त इन्दौर की तख्तियां लिए हाथों में शामिल थीं।

पलासिया से निकली, बच्चों से लेकर बड़ों ने मारे पैडल
रविवार का दिन इंदौर के लिए चेतना, जाग्रति, जागरूकता के लिए रहता है। शहर के खेल संगठनों, महिला संगठनों या सामाजिक संगठन सभी मिलकर रविवार के दिन किसी न किसी विषय पर जागरूकता के लिए शहर में कहीं दौड़ लगाते हैं तो कहीं साइकिल चलाने का काम करते हैं। कहीं बच्चे जुट जाते हैं तो कहीं बुजुर्ग भी योग करते नजर आते हैं। यह जागरूकता विभिन्न बीमारियों से लेकर कुरीतियों को मिटाने तक के लिए की जाती है। आज सुबह भी वन्य जीवों को बचाने का संदेश देती हुई एक रैली का आयोजन हुआ, जिसमें बच्चे तक शामिल हुए, वहीं महिलाओं ने एकजुट होकर प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने की शपथ ली और शहर को स्वच्छ बनाए रखने के लिए संदेश दिया। इन आयोजनों में शहर के अधिकारी भी पूरा सहयोग करते हैं।
इंदौर के एक एनजीओ ने आज सुबह वन्यजीवों को बचाने का संदेश देने के लिए साइकिल रैली का आयोजन किया, जो पलासिया से शुरू होकर कलेक्ट्रेट तक गई और वहां से राजबाड़ा लौटी। साइकिल रैली में बड़ों से लेकर छोटे बच्चों तक ने भाग लिया।
आयोजन 3 मार्च को होने वाले ‘वल्र्ड वाइल्ड लाइफ डे’ के पहले इसी क्षेत्र के लिए काम करने वाले एनजीओ ‘वाइल्ड लाइफ एंड नेचर कंजर्वेंसी सोसायटी’ ने किया। थीम ‘मेडिसिनल एंड एरोमेटिक प्लांट्स : कन्जर्विंग हेल्थ, हेरिटेज एंड लाइवलीहूड्स’ पर ‘लेट्स पेडल फॉर नेचर’ में सौ से ज्यादा हर उम्र के महिला-पुरुष साइकिल राइडर शामिल हुए। पलासिया पर एकत्रित इन प्रकृति प्रेमी साइकिल राइडर ने यहीं से अपनी इस जागरूकता रैली की शुरुआत की और चिडिय़ाघर, अग्रसेन चौराहा होते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे, जहां से साइकिल रैली राजबाड़ा लौटी। एनजीओ ‘वाइल्ड लाइफ एंड नेचर कंजर्वेंसी सोसायटी’ प्रकृति और वन्यजीवों के लिए पूरे मध्यभारत में काम करता है और समय-समय पर वन्य जीवों, प्रकृति के साथ आमजन के जुड़ाव के लिए जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित करता है। आज सुबह साइकिल रैली में शामिल सभी नागरिकों ने फोटो-सेल्फी लेकर प्रकृति और वन्यजीव संरक्षण के लिए मजबूत संदेश दिया।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved