
मुजफ्फरपुर: बिहार के मुजफ्फरपुर जिले से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है. यहां शहर की एक चर्चित सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर छात्रा ने संदिग्ध परिस्थितियों में अपनी जीवनलीला समाप्त करने की कोशिश की. युवती ने धारदार हथियार से अपनी कलाई की नस पर एक-दो नहीं, बल्कि करीब 18 बार वार किए. खून से लथपथ छात्रा को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
यह पूरा मामला काजी मोहम्मदपुर थाना क्षेत्र के माड़ीपुर मोहल्ले का है. घटना को लेकर इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं व्याप्त हैं. स्थानीय सूत्रों और दबी जुबान में इसे इश्क में नाकामी से जोड़कर देखा जा रहा है. कहा जा रहा है कि किसी युवक से प्रेम प्रसंग और उसमें आए विवाद के कारण छात्रा ने यह आत्मघाती कदम उठाया.
हालांकि, परिजनों की कहानी इससे अलग है. अस्पताल में मौजूद परिवार के सदस्यों ने प्रेम प्रसंग की बात को सिरे से खारिज करते हुए इसे घरेलू कलह का नतीजा बताया है. पुलिस दोनों ही पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की बारीकी से पड़ताल कर रही है.
घटना के बाद जब परिजनों ने छात्रा को बेहोशी की हालत में देखा, तो आनन-फानन में उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया. अत्यधिक रक्तस्राव होने के कारण उसकी स्थिति बेहद नाजुक बनी हुई थी. बताया जा रहा है कि करीब 24 घंटे तक मौत से जंग लड़ने के बाद उसे होश तो आया है, लेकिन वह अभी कुछ भी बोलने या पुलिस को बयान देने की स्थिति में नहीं है.
पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि पीड़िता सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय रहती है. वह शहर के विभिन्न आयोजनों और कार्यक्रमों की कवरेज करती है, जिसके चलते डिजिटल प्लेटफॉर्म पर उसके प्रशंसकों की अच्छी-खासी संख्या है.
मामले की सूचना मिलते ही पुलिस अस्पताल पहुंची. जांच अधिकारी एएसआई राजीव कुमार ने बताया कि मामले में प्रेम प्रसंग का एंगल भी सामने आ रहा है, लेकिन अभी तक पीड़िता का आधिकारिक बयान दर्ज नहीं हो सका है. पुलिस आसपास के लोगों और छात्रा के सोशल मीडिया प्रोफाइल को भी खंगाल रही है ताकि इस खौफनाक कदम के पीछे की असली वजह का पता लगाया जा सके.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved