नई दिल्ली। लोकसभा सीटों (Lok Sabha seats) के परिसीमन (Delimitation) को लेकर जारी बहस के बीच वर्ष 2011 की जनगणना (Census) के आधार पर किए गए एक तुलनात्मक आकलन में चौंकाने वाली तस्वीर सामने आई है। इसके मुताबिक, यदि लोकसभा सीटों का पुनर्निर्धारण केवल जनसंख्या के आधार पर किया जाता तो दक्षिण भारत के साथ उत्तर और पश्चिम भारत के कई राज्यों की मौजूदा सीटें भी घट जातीं। इनमें पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु और केरल जैसे राज्य शामिल हैं।
बंगाल और तमिलनाडु में भी घट जातीं सीटें
तुलनात्मक आकलन के अनुसार, वर्ष 2011 की जनसंख्या के आधार पर लोकसभा सीटों का निर्धारण करने पर तमिलनाडु की सीटें 39 से घटकर 32 रह जातीं। इसी तरह केरल की 20 से 15, आंध्र प्रदेश की 25 से 21 और कर्नाटक की 28 से 27 हो जातीं।
ओडिशा की सीटें 21 से घटकर 19, पंजाब की 13 से 12, उत्तराखंड की पांच से चार और हिमाचल प्रदेश की चार से तीन रह जातीं। पश्चिम बंगाल की मौजूदा 42 सीटें भी घटकर 41 होने का अनुमान लगाया गया है।
यूपी-बिहार की सीटों में भी सीमित बढ़ोतरी होती
आकलन के मुताबिक, उत्तर प्रदेश की लोकसभा सीटें 80 से बढ़कर 89 और बिहार की 40 से 46 हो जातीं। राजस्थान की सीटें 25 से बढ़कर 30, मध्य प्रदेश की 29 से 32 और महाराष्ट्र की 48 से 50 होने का अनुमान है।
नए फॉर्मूले में किसी राज्य की सीट नहीं घटेगी
प्रस्तावित विधेयक में सभी राज्यों की मौजूदा लोकसभा सीटों में समान रूप से 50 प्रतिशत वृद्धि का प्रावधान किया गया है। इस फॉर्मूले के तहत किसी भी राज्य की वर्तमान सीटें कम नहीं होंगी।
इस आधार पर उत्तर प्रदेश की सीटें 80 से बढ़कर 120, तमिलनाडु की 39 से 59, केरल की 20 से 30 और आंध्र प्रदेश की 25 से 38 होने का अनुमान है। तुलनात्मक गणना के अनुसार, वर्तमान 543 लोकसभा सीटें केवल जनसंख्या आधारित आकलन में बढ़कर 548 होतीं, जबकि प्रस्तावित 50 प्रतिशत वृद्धि के फॉर्मूले से इनकी संख्या 824 तक पहुंच सकती है।
क्षेत्रीय असंतुलन रोकने की कोशिश
इस तुलना के आधार पर तर्क दिया जा रहा है कि परिसीमन में केवल जनसंख्या को आधार बनाने के बजाय सभी राज्यों की मौजूदा सीटों में समान अनुपात से वृद्धि की जाए। इससे उन राज्यों की सीटें घटने का खतरा टल सकता है, जिन्होंने जनसंख्या नियंत्रण के प्रयासों में बेहतर प्रदर्शन किया है। साथ ही क्षेत्रीय प्रतिनिधित्व में असंतुलन की आशंका भी कम हो सकती है।
एनसीपी और डीएमके समेत कई राजनीतिक दलों ने सरकार के सामने परिसीमन को लेकर कुछ शर्तें रखी थीं। इनमें वर्ष 1971 की जनगणना के आंकड़ों को आधार बनाने और सभी राज्यों में समान अनुपात से सीटें बढ़ाने की मांग शामिल थी। डीएमके ने यह भी मांग की थी कि नए परिसीमन को 25 वर्षों तक स्थिर रखा जाए। प्रस्तावित सरकारी व्यवस्था में इन मांगों को शामिल किए जाने का दावा किया गया है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved