देश राजनीति

देश को अस्थिर करने की चल रही है अंतरराष्ट्रीय साजिश : प्रो. राकेश सिन्हा

बेगूसराय। राज्यसभा सदस्य प्रो. राकेश सिन्हा ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने विरासत को, विरासत के भाव को और संस्कृति को याद करने का अवसर दिया है। डिजिटलाइजेशन का ह्यूमनाइजेशन करना होगा, जो मजबूरी और गरीबी के कारण डिजिटल बनने में सक्षम नहीं हैं, उनके लिए डिजिटल विभाजन को समाप्त करने का विशेष अभियान चलाना होगा।

प्रो. राकेश सिन्हा ने कहा कि किसान आंदोलन के नाम पर देश को अस्थिर करने की अंतरराष्ट्रीय साजिश चल रही है। इस साजिश के प्रति लोगों को सतर्क रहना होगा, कनाडा और ऑस्ट्रेलिया समेत कई देश किसान आंदोलन के नाम पर फंडिंग कर देश को विभाजित करने की साजिश रच रहे हैं। लेकिन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सरकार झुकने वाले नहीं है, कानून किसी भी हालत में वापस नहीं होगा। कानून में स्पष्ट है कि किसानों की जमीन कोई खरीद नहीं सकता है, अभी किसान ब्याज पर कर्ज लेकर खेती करते हैं, लेकिन इस कानून से बाहर से आए पूंजी के सहारे विकास होगा, फूड प्रोसेसिंग यूनिट लगेगी।


उन्होंने कहा कि हर समय हर मंच पर राजनीति नहीं होनी चाहिए। बिहार राष्ट्रीय राष्ट्रवाद की जननी है, यहां के लोगों ने भारत के किसी भी भूभाग में कभी अंतर नहीं समझा। सालों भर जिंदाबाद-मुर्दाबाद करने से एक जमात बन जाता है, लेकिन मुद्दा पीछे छूट जाता है। राजनीति की धारा बदलने से राजनेता समाज से दूर होते जा रहे हैं, उस धारा को फिर बदलना होगा। महात्मा गांधी, दीनदयाल उपाध्याय और राम मनोहर लोहिया के देश में राजनीति की धारा, शुद्ध विकास की धारा होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि देश स्वतंत्रता के 75 वें सालगिरह में प्रवेश कर चुका है। स्वतंत्रता संग्राम में बेगूसराय की अहम भूमिका रही है। यहां स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान हुई घटना तथा स्वतंत्रता सेनानी के इतिहास का संकलन करने के लिए एक समिति बने और वह समिति 2022 तक एक किताब का प्रकाशन करे, इसके लिए प्रयास करेंगे। उस किताब से इतिहास में जाने का, इतिहास को जानने का अवसर मिलेगा। (एजेंसी, हि.स.)

Share:

Next Post

मादक तस्करी के लिए महिलाओं का इस्तेमाल कर रही है भाजपा : चन्द्रिमा

Sat Feb 20 , 2021
कोलकाता। पश्चिम बंगाल कैबिनेट में मंत्री चंद्रिमा भट्टाचार्य ने भाजपा युवा मोर्चा की महिला नेता पामेला गोस्वामी के कोकिन के साथ गिरफ्तारी को लेकर भाजपा पर तंज कसा है। चंद्रिमा भट्टाचार्य ने कहा है कि भारतीय जनता पार्टी का वास्तविक चाल चरित्र और चेहरा सामने आ रहा है। मादक पदार्थों की तस्करी के लिए महिलाओं […]