img-fluid

रामायण के पुष्पक विमान को बनाने में खप गए दो साल, 50 डिजाइन हुए तैयार, रावण-जटायु युद्ध के पीछे 6.5 साल की मेहनत

November 02, 2026

नई दिल्ली ।अभिनेता रणबीर कपूर (Ranbir Kapoor) की मुख्य भूमिका वाली फिल्म रामायण (Ramayana) को भव्य रूप देने के लिए निर्देशक नितेश तिवारी (Nitesh Tiwari) और उनकी टीम ने लंबे समय तक काम किया है। फिल्म के निर्माण (Film Production) से जुड़े कई पहलुओं का खुलासा करते हुए नितेश ने बताया कि कुछ दृश्यों और उनके लिए इस्तेमाल होने वाली तकनीकी संरचनाओं को अंतिम रूप देने में वर्षों लग गए। इसका सबसे बड़ा उदाहरण रावण (Ravana) और जटायु (Jatayu) के बीच होने वाला युद्ध दृश्य है, जिसे तैयार करने में टीम को साढ़े छह साल का समय लगा।

नितेश तिवारी के मुताबिक, फिल्म की कहानी को तैयार करना ही अपने आप में बड़ी चुनौती थी। उनकी कोशिश थी कि फिल्म महर्षि वाल्मीकि की रामायण पर आधारित रहे, लेकिन इसके साथ ही रामायण के दूसरे संस्करणों में मौजूद महत्वपूर्ण और सुंदर प्रसंगों को भी उचित स्थान दिया जा सके। उन्होंने बताया कि भारत में रामायण के 300 से अधिक अलग-अलग संस्करण मौजूद हैं। इन सभी में कई ऐसी कहानियां और प्रसंग हैं, जिन्हें लोग पसंद करते हैं।

निर्देशक के सामने चुनौती यह थी कि अलग-अलग संस्करणों में मौजूद कथाओं को शामिल करते हुए एक ऐसी फिल्म बनाई जाए, जो मूल महाकाव्य की भावना और महत्व के साथ न्याय कर सके। उन्होंने कहा कि विभिन्न संस्करणों में कुछ पात्रों को अलग-अलग तरीके से प्रस्तुत किया गया है। ऐसे में कहानी को एक रूप देना और उसे फिल्म के माध्यम से प्रभावी ढंग से पेश करना आसान काम नहीं था।

कहानी तैयार होने के बाद अगला बड़ा काम उसे पर्दे पर उसी कल्पना के अनुरूप दिखाना था। इसके लिए किरदारों की बनावट, दृश्यों की संरचना और विजुअल इफेक्ट्स पर लंबे समय तक काम किया गया। नितेश ने रावण और जटायु के बीच होने वाले युद्ध का उदाहरण देते हुए बताया कि जब उन्होंने पहली बार इस दृश्य की कल्पना कलाकारों और तकनीकी टीम के सामने रखी थी, तब से लेकर इसे अंतिम रूप देने तक लगभग साढ़े छह साल लग गए।

इस दृश्य को तैयार करने में हजारों लोगों ने अलग-अलग स्तर पर योगदान दिया। निर्देशक के अनुसार, दर्शकों को पर्दे पर दिखाई देने वाला कुछ मिनटों का एक्शन सीक्वेंस वास्तव में वर्षों की तैयारी, तकनीकी काम और लगातार किए गए बदलावों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि इस एक दृश्य की पूरी प्रक्रिया समझाने में भी उन्हें काफी समय लग सकता है।

फिल्म में दिखाए जाने वाले पुष्पक विमान को तैयार करना भी टीम के लिए बड़ी चुनौती रहा। नितेश ने बताया कि विमान का शुरुआती डिजाइन तैयार करने और उसे अंतिम रूप देने में करीब दो साल लगे। इस दौरान टीम ने पुष्पक विमान के लगभग 40 से 50 अलग-अलग डिजाइन तैयार किए। सभी विकल्पों पर विचार करने के बाद उस डिजाइन को चुना गया, जो उनकी कल्पना के सबसे करीब था।

निर्देशक ने बताया कि विमान के डिजाइन में बदलाव का असर रावण और जटायु के युद्ध दृश्य पर भी पड़ा। शुरुआत में पुराने डिजाइन को ध्यान में रखकर लड़ाई की कोरियोग्राफी तैयार की गई थी, लेकिन अंतिम डिजाइन पहले से काफी अलग निकला। विमान की बनावट में गुंबद जैसी संरचनाएं जुड़ने के कारण कुछ दृश्यों में जटायु की गतिविधियों और प्रवेश के तरीके को भी बदलना पड़ा। इसके बाद पूरी टीम को युद्ध दृश्य के कई हिस्सों पर दोबारा काम करना पड़ा।

नितेश का कहना है कि वे पुष्पक विमान को केवल एक काल्पनिक उड़ने वाली वस्तु की तरह नहीं दिखाना चाहते थे। उनकी कोशिश थी कि उसका डिजाइन ऐसा हो, जिसे देखकर दर्शकों को उसके उड़ने की प्रक्रिया विश्वसनीय लगे। टीम ने इस बात पर भी काम किया कि विमान किस तरह उड़ता है, किस दिशा में आगे बढ़ता है और उसकी आंतरिक संरचना कैसी हो सकती है।


  • फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम की भूमिका निभा रहे हैं। इस बड़े प्रोजेक्ट को लेकर दर्शकों के बीच पहले से उत्सुकता बनी हुई है। नितेश तिवारी इससे पहले दंगल और छिछोरे जैसी फिल्मों का निर्देशन कर चुके हैं। उनकी पिछली फिल्म बवाल में वरुण धवन और जाह्नवी कपूर नजर आए थे। अब रामायण के जरिए वह भारतीय महाकाव्य को बड़े पर्दे पर प्रस्तुत करने जा रहे हैं। फिल्म की घोषित रिलीज तारीख 5 नवंबर बताई गई है।

    Share:

  • भगवान कृष्ण पर धीरेंद्र शास्त्री की टिप्पणी से विवाद, वायरल वीडियो पर बवाल; कथाओं के बहिष्कार की मांग

    Mon Nov 2 , 2026
    शिवपुरी। बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री (Dhirendra Krishna Shastri) की भगवान श्रीकृष्ण (Lord Sri Krishna) को लेकर की गई टिप्पणी पर विवाद खड़ा हो गया है। मध्य प्रदेश के करेरा में कथा सुनाने के दौरान उन्होंने भगवान राम और भगवान कृष्ण की तुलना करते हुए कुछ ऐसी टिप्पणियां कीं, जिनका वीडियो सोशल मीडिया […]
    सम्बंधित ख़बरें
    लेटेस्ट
    खरी-खरी
    का राशिफल
    जीवनशैली
    मनोरंजन
    अभी-अभी
  • Archives

  • ©2026 Agnibaan , All Rights Reserved