
डेस्क। इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी एक बार फिर सोशल मीडिया पर चर्चा का केंद्र बन गई हैं। इस बार वजह कोई राजनीतिक बयान या अंतरराष्ट्रीय मुद्दा नहीं, बल्कि उनका फैशन स्टाइल है। इटली की प्रधानमंत्री की ओर से शेयर की गई एक हालिया सेल्फी ने भारतीय सोशल मीडिया पर हलचल मचा दी, क्योंकि तस्वीर में वह पारंपरिक भारतीय झुमका ईयररिंग्स पहने नजर आईं।
मेलोनी ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर यह सेल्फी पोस्ट की, जिसमें वह बेहद सधे और औपचारिक विंटर लुक में दिखाई दीं। उन्होंने चारकोल रंग का शार्प टेलर्ड ब्लेजर पहना था, जिसे बेज निट टॉप के साथ स्टाइल किया गया था। उनका पूरा लुक क्लासी और पॉलिश्ड नजर आ रहा था, लेकिन सबसे ज्यादा ध्यान उनके एक्सेसरीज ने खींचा। तस्वीर में वह खूबसूरत पारंपरिक झुमके पहने दिखीं, जिनमें नाजुक घुंघरू शैली की बारीक कारीगरी नजर आई। यही डिजाइन भारतीय यूजर्स की नजरों से बच नहीं सकी और कुछ ही देर में यह तस्वीर वायरल हो गई।
पोस्ट के साथ मेलोनी ने एक सख्त राजनीतिक संदेश भी साझा किया, जिसमें उन्होंने प्रचार, स्वतंत्रता और इटली के राष्ट्रीय हितों का जिक्र किया। हालांकि इंटरनेट पर लोगों का ध्यान उनके राजनीतिक संदेश से ज्यादा उनके झुमकों पर गया। सोशल मीडिया पर कुछ ही मिनटों में भारतीय यूजर्स ने कमेंट सेक्शन भर दिया और इस अनोखे फैशन मोमेंट पर अपनी प्रतिक्रियाएं देनी शुरू कर दीं।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved