भोपाल न्यूज़ (Bhopal News)

जामवाल ने प्रशिक्षण वर्ग में भाजपा नेताओं को सुनाई खरी-खरी

  • मंत्री और पार्टी नेताओं का गुपचुप फीडबैक लेने के बाद क्षेत्रीय संगठन महामंत्री ने चेताया

भोपाल। प्रदेश में पिछले तीन महीने से दौरा कर रहे क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल ने धार जिले के मांडू में आयोजित भाजपा के प्रशिक्षण वर्ग में मंत्री एवं पार्टी पदाधिकारियों को खरी-खोटी सुना दी है। जामवाल ने यहां तक कहा कि यह प्रशिक्षण वर्ग सिर्फ खानापूर्ति तक सीमित न रहे। उन्होंने मंत्रियों से कहा भी कहा कि वे कार्यकर्ताओं को समय दें। प्रशिक्षण वर्ग के आखिरी दिन जामवाल जब बोल रहे थे, तब सत्ता एवं सगठन के शीर्ष पदाधिकारी मौजूद थे।
जामवाल ने कहा कि प्रशिक्षण का आशय यह नहीं है कि मैं बोलूं और आप सुनते रहें। यदि हम इस प्रशिक्षण वर्ग के साथ न्याय करना चाहते हैं, तो इसकी सार्थकता तभी है, जब आप बोलें और में सुनूं। समय के साथ हमारी कार्यपद्धति में बदलाव आया है, समाज और देश में परिवर्तन आए हैं, एक दल के रूप में हमारा विस्तार हुआ है। हमारे इस प्रशिक्षण की सार्थकता तभी है जब प्रत्येक कार्यकर्ता यह आत्मविश्लेषण करे कि इन परिवर्तनों और बदलावों के बीच मैं कहां पर खड़ा हूं। क्या मुझमें वो सारे गुण हैं, जिनकी अपेक्षा एक कार्यकर्ता से की जाती है?

कार्यपद्धति का विस्तार हुआ, मूल विषय वही
जामवाल ने कहा कि हमारी पार्टी 70 वर्षों से जनसंघ और भारतीय जनता पार्टी के रूप में चलती आ रही है। समाज में हमारा विस्तार हो, इसके लिए एक कार्यपद्धति आवश्यक है। उस समय पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने पार्टी की कार्यपद्धति की रचना की थी। उसमें समय-समय पर विस्तार और बदलाव होता गया। जब हमारी कार्यपद्धति बनाई गई थी, तब हम मंडल से नीचे सोचते नहीं थे। आज पन्ना प्रमुख तक प्रक्रिया शुरू हो गई है। जनसंघ के समय एक नारा लगता था कि जनसंघ की क्या पहचान एक टूटी जीप 20 जवान। इन 20 जवानों में हमारे वरिष्ठ नेता पंडित दीनदयाल उपाध्याय, स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेई, भंडारी जी, कुशाभाऊ ठाकरे जी जैसे लोग शामिल थे। आदर्श, विचार, त्याग, समर्पण, संकल्प इन सब विषयों के साथ पार्टी आगे बढ़ी। आज समाज की दिशा और सोच बदल गई है। राष्ट्र के विषय भी बदल गए हैं। आज भारतीय जनता पार्टी दुनिया की सबसे बड़ी 18 करोड़ कार्यकर्ताओं की पार्टी है। परिस्थितियों के अनुसार हमारी कार्यपद्धति में बदलाव अवश्य हुए हैं, लेकिन हमारे मूल विषय आज भी वही हैं। जिस भावना के साथ देश की सीमा पर खड़ा जवान भारतमाता की जय बोलता है, उसी भावना के साथ भाजपा का कार्यकर्ता भी भारतमाता की जय बोलता है। भाजपा बलिदानों पर खडी पार्टी है और हमारा लक्ष्य देश के पुनर्निर्माण के लिए कार्य करना है।


कार्यक्रमों का उद्देश्य कार्यकर्ताओं को तैयार करना
जामवाल ने कहा कि हमारा सौभाग्य है कि इस प्रशिक्षण शिविर का आयोजन हमारे पितृपुरूष कुशाभाऊ ठाकरे जी की जन्मस्थली में हो रहा है। उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन संगठन और राष्ट्र को खड़ा करने के लिए समर्पित कर दिया था। ऐसी पुण्यभूमि को मैं शत-शत नमन करता हूं। ऐसे महापुरुषों के तप से ही मध्यप्रदेश का पार्टी संगठन देश में नं.-1 माना जाता है। श्री जामवाल ने कहा कि पार्टी के जो कार्यक्रम होते हैं, उनसे पार्टी का विस्तार तो होता ही है, नए कार्यकर्ता भी तैयार होते हैं। इन कार्यक्रमों से जुड़कर कार्यकर्ता अपना विकास करते हैं। हम जो आंदोलनात्मक या जागरूकता के कार्यक्रम लेते हैं, उनसे कार्यकर्ताओं में मूल्यों का विकास होता है। यदि हमें लगातार कार्यकर्ताओं को तैयार करना है, तो हर बार नए कार्यकर्ताओं को इनसे जोडऩा होगा।

बार-बार अभ्यास करें, स्वयं पर विश्वास रखें
जामवाल ने कहा कि यह पार्टी अनेक महापुरूषों के बलिदान पर खडी है, उनके खून पसीने से सींची गई पार्टी है। इस पार्टी को हम आगे लेकर जायेंगे और आने वाली पीढी को संदेश देंगे। यदि इस सोच के साथ हम आगे बढते है तो मुझे पूर्ण विश्वास है कि प्रशिक्षण वर्ग सफल होगा। उन्होंने कहा कि हमारे यहां कहते हैं ‘करत करत अभ्यास के जड़मति होत सुजानÓ। इसलिए कार्यकर्ता लगातार अभ्यास करें और अपना विकास करें। स्वामी विवेकानंद जी ने कहा था कि जब तक अपने आप पर विश्वास नहीं होगा, तब तक सफलता प्राप्त नहीं होगी। इसलिए अपने पर विश्वास रखिए और सफलता आपके कदम चूमेगी।

Share:

Next Post

छेड़छाड़ के आरोपों विधायकों को PCC ने दी क्लीनचिट

Mon Oct 10 , 2022
अनुशासन समिति में 44 कार्यकर्ताओं को शो-कॉज नोटिस, 5 निष्कासित भोपाल। मप्र कांग्रेस कमेटी ने ट्रेन में महिला से छेड़छाड़ करने के आरोपी विधायकों को क्लीनचिट दे दी है। पीसीसी में हुई कांग्रेस की अनुशासन समिति की बैठक में दोनों विधायकों के खिलाफ की गई शिकायत को झूठा मानते हुए क्लीनचिट दे दी है। कांग्रेस […]