
डेस्क: भारत के तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज से बाहर हो गए हैं. ऐसी खबर है कि उनके बाएं घुटने में समस्या बरकरार है, जिसके चलते अब उनका श्रीलंका जाना मुश्किल है. इससे पहले श्रीलंका दौरे के लिए टीम इंडिया का जब सेलेक्शन हुआ था तो बुमराह को उसमें चुना गया था. हालांकि, तब भी कंडीशन यही थी कि अगर वो फिट हुए तो ही श्रीलंका जाएंगे.
भारतीय टीम को 4 अगस्त को श्रीलंका रवाना होना है. उससे पहले आई बुमराह के बाहर होने की खबर किसी बड़े झटके से कम नहीं है. ऐसा इसलिए क्योंकि श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज WTC में अपनी जगह को मजबूत करने के मकसद से टीम इंडिया के लिए बेहद अहम है.
BCCI के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की शुरुआती जांच में ही बुमराह के बाएं घुटने में हो रही परेशानी का पता चला, जिसके बाद मेडिकल टीम ने बजाए बुमराह को श्रीलंका भेजने के उन्हें फुल टाइम रिकवरी की सलाह दी.
सूत्रों ने बताया कि बुमराह के मामले में कोताही नहीं बरती जा सकती. इसलिए उनकी फुल रिकवरी ही पहला लक्ष्य है. सूत्रों ने बताया कि इस साल अभी काफी क्रिकेट होने हैं. आगे एशियन गेम्स है, न्यूजीलैंड का दौरा है, बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी है, जहां टीम इंडिया को बुमराह की जरूरत पड़ेगी.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved