
नई दिल्ली। स्पाइसजेट की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। आर्थिक संकट से जूझ रही कंपनी को अब दुबई में बड़ा झटका लगा है। करीब 35.85 करोड़ रुपये का बकाया भुगतान नहीं करने पर दुबई एयरपोर्ट ने एयरलाइन की चेक-इन सर्विस सस्पेंड कर दी है। इस कार्रवाई का असर उड़ानों पर भी पड़ा और 12 नवंबर को दुबई से भारत आने वाली चार फ्लाइट्स रद्द करनी पड़ीं। ऐसे में UAE से भारत आने-जाने वाले यात्रियों की परेशानी बढ़ सकती है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, दुबई एयरपोर्ट ने स्पाइसजेट पर करीब 14 मिलियन UAE दिरहम यानी लगभग 35.85 करोड़ रुपये का बकाया बताया है। यह रकम ग्राउंड हैंडलिंग कंपनी dnata को दी जानी थी। बताया गया है कि एयरलाइन ने 13 अक्टूबर से भुगतान नहीं किया था। इसके बाद दुबई एयरपोर्ट ने 12 नवंबर को ईमेल भेजकर बकाया राशि की जानकारी दी और चेक-इन सेवाएं रोकने का फैसला किया।
इस फैसले के बाद 12 नवंबर को दुबई से अमृतसर, जयपुर, मुंबई और दिल्ली जाने वाली चार उड़ानें रद्द कर दी गईं। इन विमानों को यात्रियों के बिना फेरी सर्विस के रूप में उड़ाने की योजना थी। यानी विमान अपने गंतव्य तक जाएंगे, लेकिन उनमें यात्री नहीं होंगे। शुरुआत में एयरपोर्ट ने अहमदाबाद और दिल्ली जाने वाली कुछ उड़ानों के लिए चेक-इन की अनुमति दी थी। हालांकि, बाद में भुगतान का मुद्दा हल होने तक दुबई से अन्य उड़ानों को रद्द करने के निर्देश दिए गए।
स्पाइसजेट के प्रवक्ता ने कहा कि कंपनी संबंधित अधिकारियों के साथ इस मामले को सुलझाने में जुटी है। एयरलाइन का दावा है कि उसके पास पर्याप्त बैंक गारंटी मौजूद है और वह जल्द से जल्द समस्या का समाधान करने की कोशिश कर रही है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved