
भोपाल। नगरीय निकाय चुनाव में देरी के चलते एक बार फिर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ अपनी नई कार्यकारिणी के गठन में जुट गए हैं। कार्यकारिणी की घोषणा निकाय चुनाव के पहले भी हो सकती है। नई टीम बनाने के लिए कमलनाथ सभी नेताओं से सहमति बना रहे हैं। पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी से चर्चा के लिए कमलनाथ दिल्ली दौरे पर हैं। इस बार कांग्रेस की जंबो कार्यकारिणी की जगह छोटी टीम नजर आएगी। इस कार्यकारिणी में दूसरी पंक्ति के नेताओं को आगे बढ़ाने के लिए युवाओं को अहम जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है। कमलनाथ ये पहले ही साफ कर चुके हैं कि वे प्रदेश में ही रहेंगे। पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा ने कहा कि इस बार प्रदेश कार्यकारिणी में 40-50 लोग होंगे। नई कार्यकारिणी के गठन पर चर्चा चल रही है। वर्मा ने कहा कि कांग्रेस इस बार सेकंड लाइन लीडरशिप को आगे बढ़ाने की तैयारी कर रही है। कांग्रेस की चुनौतियों और परिस्थितियों को देखते हुए ही कार्यकारिणी का गठन किया जाएगा। वर्मा ने कहा कि निकाय चुनावों में भी 40-50 साल के लोगों ही टिकट दिया जाना चाहिए। 50 साल से उपर के नेताओं को जनाधार मजबूत करने के लिए लगाया जाना चाहिए।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved