
भोपाल। नगरीय निकाय चुनाव को लेकर राजनीतिक पार्टियों ने तैयारियां शुरू कर दी है। उपचुनाव में भाजपा के हाथों मिली हार के बाद कांग्रेस अब निकाय चुनाव में बदला लेने की तैयारी कर रही है। इसके लिए कांग्रेस नेता छवि बदलने की कवायद में जुटे हुए हैं। इसी कड़ी में पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ ने अपने निवास के दरवाजे कार्यकर्ताओं के लिए खोल दिए हैं। गौरतलब है कि सत्ता में रहने के दौरान कमलनाथ पर मंत्रियों, विधायकों और कार्यकर्ताओं की उपेक्षा का आरोप लगता रहा। लेकिन सत्ता जाने के बाद से ही कमलनाथ ने अपनी सक्रियता बढ़ा दी है और वे लगातार विधायकों के साथ बैठकें कर रहे है। अब उन्होंने कार्यकर्ताओं से भी नजदीकी बढ़ानी शुरू कर दी है। इसके लिए उन्होंने अपने निवास के दरवाजे कार्यकर्ताओं के लिए खोल दिए हैं।
सियासी जमावट में जुटे कांग्रेसी
विपक्ष में आने के बाद कांग्रेस के नेता एक बार फिर अपनी सियासी जमावट में जुट गए हैं। 15 महीने की सरकार में अलग-अलग हुए सभी दिग्गज नेता अब नए सिरे से अपनी छवि बनाने में जुट गए हैं। इसके पीछे कांग्रेस में बदल रहे राजनीतिक हालातों से जोड़कर भी देखा जा रहा है। प्रदेश के दिग्गज नेता जनता और संगठन दोनों में अपनी पैठ बढ़ाने की तैयारी करने लगे हैं।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved