
नई दिल्ली: दिल्ली का अरुण जेटली स्टेडियम केएल राहुल के छठे आईपीएल शतक का गवाह बना. आईपीएल 2026 के 35वें मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स के इस विस्फोटक ओपनर बल्लेबाज ने सिर्फ 47 गेंदों में सेंचुरी जड़कर तहलका मचाया. पंजाब किंग्स के खिलाफ दिल्ली के होम ग्राउंड पर राहुल ने गेंदबाजों की धज्जियां उड़ा डालीं और तूफानी शतक जड़कर कई रिकॉर्ड नाम कर लिए. इस सीजन राहुल के बल्ले से निकली यह पहली शतकीय पारी है. वहीं, दिल्ली कैपिटल्स की जर्सी में उनका यह दूसरा सैकड़ा है. इस शतक से केएल राहुल ने एक ऐतिहासिक उपलब्धि भी नाम कर ली, जो इतिहास में कोई और बल्लेबाज नहीं कर पाया.
पारी की शुरुआत से ही केएल लय में नजर आए. उन्होंने दूसरे ही ओवर में लगातार दो चौके लगाकर अपने आक्रामक इरादे साफ कर दिए. देखते ही देखते राहुल अर्धशतक तक पहुंच गए. 26 गेंदों में उन्होंने अपनी फिफ्टी पूरी की. अर्धशतक जड़ने के बाद राहुल का बल्ला और जोर से बोला और 14वें ओवर में अर्शदीप सिंह की गेंदों पर तीन चौके और एक छक्के के साथ नाइंटीज में पहुंच गए. अगले ओवर में राहुल ने दो चौके लगाए और शतक पूरा कर लिया. राहुल ने शतक पूरा करने के लिए 12 चौके और 5 छक्के भी लगाए. शतक जड़ने के बाद उनका सेलिब्रेशन देखने लायक था. राहुल दिल्ली के लिए सबसे तेज सैकड़ा जमाने वाले बल्लेबाज बन चुके हैं. वहीं, आईपीएल में उनका यह पहला सैकड़ा है, जो 50 से कम गेंदों में बनाया है.
राहुल आईपीएल इतिहास के ऐसे इकलौते बल्लेबाज बन गए हैं, जिन्होंने तीन अलग-अलग टीमों के लिए बैटिंग करते हुए एक से ज्यादा शतक लगाए हैं. केएल राहुल का यह दिल्ली कैपिटल्स के लिए दूसरा शतक है. इससे पहले वह पंजाब किंग्स के लिए दो और लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए दो सेंचुरी बना चुके हैं. राहुल ने आईपीएल में सबसे ज्यादा शतकों के मामले में क्रिस गेल की बराबरी कर ली. गेल के नाम भी 6 शतक दर्ज हैं. सबसे ज्यादा आईपीएल सेंचुरी का रिकॉर्ड विराट कोहली के नाम है. उन्होंने 8 सौ बनाए हैं. जोस बटलर 7 शतक के साथ दूसरे स्थान पर हैं.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved