बड़ी खबर

कांग्रेस स्थापना दिवस : राहुल गांधी की अनुपस्थिति मे जानिए किसने तिरंगा फहराया

नई दिल्ली । भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस आज सोमवार को अपना 136वां स्थापना दिवस मना रही है। इस मौके पर पार्टी मुख्यालय पर पूर्व रक्षा मंत्री एवं वरिष्ठ नेता एके एंटनी (A.K. Antony) ने तिरंगा फहराया। एक ओर जहां अस्वस्थ होने के कारण कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी इस समारोह में शामिल नहीं हुईं, वहीं पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी निजी यात्रा पर देश से बाहर हैं। हालांकि पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा, संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल, अंतरिम कोषाध्यक्ष पवन कुमार बंसल, गुलामनबी आजाद समेत पार्टी कार्य समिति के सभी सदस्य उपस्थित रहे।

सोनिया गांधी कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सकीं लेकिन उन्होंने सोशल मीडियो के जरिए शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा है कि “जनता के अधिकार कुचले जा रहे हैं। चारों ओर तानाशाही का आलम है। लोकतांत्रिक और संवैधानिक संस्‍थाओं को खत्‍म किया जा रहा है। बेरोजगारी चरम सीमा पर है। खेत-खलिहान पर हमला बोला जा रहा है और देश के अन्‍नदाता पर काले कानून थोपे जा रहे हैं।”

इससे पहले, राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने भी पार्टी के स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए सच्चाई और समानता के संकल्प को दोहराया। उन्होंने कहा कि ‘देश हित की आवाज उठाने के लिए कांग्रेस शुरू से प्रतिबद्ध रही है। आज कांग्रेस के स्थापना दिवस पर, हम सच्चाई और समानता के अपने इस संकल्प को दोहराते हैं। जय हिंद!’

इस दौरान कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा कि 130 करोड़ भारतीयों को बधाई और शुभकामनाएं, आज हर भारतीय को यह सोचना है कि स्वतंत्रता का अर्थ क्या है। उन्होंने आगे कहा कि अगर हमारी सरकार लोकतंत्र और लोगों के जनादेश में विश्वास करती है तो क्या उन्हें देश में कहीं भी आने-जाने की आजादी है, वे जो चाहें पहनें और जो चाहे खाएं, इन सब पर प्रतिबंध लगा हुआ है।

कोरोना महामारी की वजह से कांग्रेस पार्टी अपने स्थापना दिवस कार्यक्रम को बड़े पैमाने पर नहीं कर रही है। इसके बावजदू आज के दिन अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) के निर्देश पर पार्टी की राज्य इकाइयां ‘तिरंगा यात्रा’ निकाल रही हैं। वहीं पार्टी आलाकमान के स्पष्ट निर्देश के बाद कार्यक्रमों में कोविड-19 के नियमों का खास ख्याल रखा जा रहा है। विभिन्न स्तर पर निकाली जा रही तिरंगा यात्रा में भी सोशल डिस्टेंसिंग और मास्क के साथ लोग दिख रहे हैं।

उल्लेखनीय है कि भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस का गठन 28 दिसंबर 1885 को हुआ था। भारत की आजादी के आंदोलन का नेतृत्व करने वाली कांग्रेस पार्टी आज 135 साल की हो गई है। हालांकि 136वां स्थापना दिवस मना रही कांग्रेस अपने सबसे कठिन दौर से गुजर रही है। नेतृत्व को लेकर अंदरूनी घमासान और विगत चुनावों में पार्टी की स्थिति से इसके वजूद पर अनिश्चितता के बादल मंडरा रहे हैं।

Share:

Next Post

देश में 2025 तक 25 से ज्यादा शहरों में मेट्रो चलाने की योजना : मोदी

Mon Dec 28 , 2020
नई दिल्ली । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को देश की पहली चालक रहित ट्रेन को हरी झंडी दिखाते हुए कहा कि सरकार की योजना वर्ष 2025 तक 25 से ज्यादा शहरों में मेट्रो चलाने की है। उन्होंने कहा कि आज मेट्रो केवल सार्वजनिक परिवहन का एक माध्यम नहीं है, बल्कि प्रदूषण को कम करने […]