img-fluid

इंदौर में कोहली का शतक, भारत 41 रन से हारा, न्यूजीलैंड ने ODI सीरीज जीतकर रचा इत‍िहास

January 18, 2026

इंदौर: भारत और न्यूजीलैंड (India and New Zealand) के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज (ODI series) का आखिरी मुकाबला आज (18 जनवरी) इंदौर के होलकर क्रिकेट स्टेडियम में हुआ. इस मैच में भारतीय टीम को 41 रनों से हार झेलनी पड़ी. मुकाबले में भारत को जीत के लिए 338 रनों का टारगेट मिला था, लेकिन उसकी पूरी टीम 46 ओवरों में 296 रनों पर सिमट गई. इस जीत के साथ ही न्यूजीलैंड ने वनडे सीरीज पर 2-1 से कब्जा कर लिया. न्यूजीलैंड ने पहली बार भारत में वनडे सीरीज जीती है.

वनडे सीरीज का पहला मुकाबला वडोदरा में खेला गया था, जिसमें भारतीय टीम ने चार विकेट से जीत हासिल की थी. फिर राजकोट ओडीआई को कीवी टीम ने सात विकेट से जीत सीरीज में 1-1 की बराबरी की. अब इस मुकाबले को जीतकर न्यूजीलैंड ने सीरीज अपने नाम कर लिया.

चेज में भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही. रोहित शर्मा 11 रनों के निजी स्कोर पर जकारी फाउलकेस का शिकार बने. वहीं लय में दिख रहे कप्तान शुभमन गिल (23 रन) को काइल जेमिसन ने बोल्ड किया. इसके बाद श्रेयस अय्यर को सिर्फ 3 रनों के स्कोर पर क्रिस्टियन क्लार्क ने आउट किया. पिछले मैच के शतकवीर केएल राहुल इंदौर में फ्लॉप रहे. राहुल 1 रन बनाकर स्पिनर जेडन लेनोक्स की गेंद पर चलते बने. राहुल के आउट होने के समय भारत का स्कोर 71/4 था.


  • चार विकेट गिरने के बाद विराट कोहली ने नीतीश कुमार रेड्डी के साथ मिलकर पांचवें विकेट के लिए 88 रनों की पार्टनरशिप की. कोहली ने इस दौरान 4 चौके और एक सिक्स की मदद से 51 गेंदों पर अपना अर्धशतक पूरा कर लिया. वहीं नीतीश ने 52 गेंदों पर अपनी फिफ्टी पूरी की. नीतीश हालांकि अर्धशतक जड़ने के बाद ज्यादा देर नहीं टिक पाए. नीतीश ने 2 छक्के और 2 चौके की मदद से 57 बॉल पर 53 रन बनाए. जडेजा से बड़ी पारी की उम्मीद थी, लेकिन वो सिर्फ 12 रन बनाकर चलते बने.

    यहां से विराट कोहली और हर्षित राणा के बीच सातवें विकेट के लिए 99 रनों की साझेदारी हुई. इस साझेदारी के दौरान कोहली ने 91 गेंदों पर अपना शतक पूरा किया, जिसमें 8 चौके और दो छक्के शामिल रहे. कोहली के ओडीआई करियर का 54वां और कुल 85वां इंटरनेशनल शतक रहा. हर्षित राणा ने 4 छक्के और चार चौके की मदद से अपना अर्धशतक पूरा, लेकिन वो फिफ्टी जड़ने के बाद तुरंत आउट भी हो गए. फिर भारत ने अगली ही गेंद पर मोहम्मद सिराज का विकेट खो दिया.

    न्यूजीलैंड के लिए मिचेल-फिलिप्स ने जड़े शतक
    न्यूजीलैंड ने टॉस हारकर पहले बैटिंग करते हुए आठ विकेट पर 337 रन बनाए. न्यूजीलैंड की शुरुआत काफी खराब रही और उसने 6 रनों के स्कोर तक 2 विकेट खो दिए. सलामी बल्लेबाज हेनरी निकोल्स (0 रन) को अर्शदीप सिंह ने बोल्ड किया. वहीं हर्षित राणा ने दूसरे ओपनर डेवोन कॉन्वे (5 रन) का काम खत्म किया. सात गेंदों में 2 विकेट गिरने के बाद डेरिल मिचेल और विल यंग ने 53 रनों की साझेदारी की, जिसे हर्षित राणा ने तोड़ा. यंग ने आउट होने से पहले 30 रनों का योगदान दिया.

    यहां से डेरिल मिचेल और ग्लेन फिलिप्स ने चौथे विकेट के लिए 219 रनों की साझेदारी की. मिचेल ने 10 चौके और 2 छक्के की मदद से 107 गेंदों पर अपना शतक पूरा किया. यह मिचेल का लगातार दूसरा ओडीआई शतक रहा. इससे पहले मिचेल ने राजकोट ओडीआई में भी 131* रन बनाए थे. वहीं फिलिप्स ने भी नजरें जमाने के बाद बड़े शॉट्स खेले. फिलिप्स ने 83 गेंदों पर शतक पूरा किया, जिसमें 8 चौके और तीन छक्के शामिल रहे.

    अर्शदीप सिंह ने ग्लेन फिलिप्स को आउट करके इस साझेदारी को तोड़ा. फिलिप्स ने 9 चौके और तीन छक्के की मदद से 88 बॉल पर 106 रन बनाए. फिर मोहम्मद सिराज ने डेरिल मिचेल को पवेलियन भेजा. मिचेल ने 131 गेंदों पर 137 रन बनाए, जिसमें 15 चौके और तीन छक्के शामिल रहे. मिचेल हे (2 रन) कुछ खास नहीं कर पाए और उन्हें कुलदीप यादव ने आउट किया.

    भारतीय टीम को सातवीं सफलता अर्शदीप सिंह ने दिलाई, जिन्होंने एक बेहतरीन गेंद पर जकारी फाउलकेस को आउट किया. फिर हर्षित राणा ने क्रिस्टियन क्लार्क (11 रन) का विकेट लिया, जिससे न्यूजीलैंड का स्कोर 327/8 हो गया. इसी बीच कप्तान माइकल ब्रेसवेल (नाबाद 28 रन) ने कुछ बड़े शॉट खेले और न्यूजीलैंड ने बड़े स्कोर पर फिनिश किया. भारत की ओर से अर्शदीप सिंह और हर्षित राणा ने तीन-तीन विकेट झटके.

    इस मुकाबले के लिए भारतीय टीम की प्लेइंग-11 में बाएं हाथ के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह की एंट्री हुई. अर्शदीप को दाएं हाथ के फास्ट बॉलर प्रसिद्ध कृष्णा की जगह मौका मिला. दूसरी ओर न्यूजीलैंड ने अपनी प्लेइंग-11 में कोई बदलाव नहीं किया.

    इंदौर वनडे में भारत की प्लेइंग-11: शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल (विकेटकीपर), नीतीश कुमार रेड्डी, रवींद्र जडेजा, हर्षित राणा, कुलदीप यादव, अर्शदीप सिंह और मोहम्मद सिराज.

    इंदौर वनडे में न्यूजीलैंड की प्लेइंग-11: डेवोन कॉन्वे, हेनरी निकोल्स, विल यंग, ​​डेरिल मिचेल, ग्लेन फिलिप्स, मिचेल हे (विकेटकीपर), माइकल ब्रेसवेल (कप्तान), जकारी फाउलकेस, क्रिस्टियन क्लार्क, काइल जेमिसन और जेडन लेनोक्स.

    Share:

  • सर्दियों में बढ़ जाती है जोड़ों में दर्द की समस्‍या, इन उपयों की मदद से मिलेगी राहत

    Mon Jan 19 , 2026
    नई दिल्‍ली। सर्दी में अक्सर लोगों को जोड़ों का दर्द (Joint pain) परेशान करने लगता है। इसके कई कारण हैं। एक तो तापमान (Temperature) में गिरावट की वजह से शरीर में कई परिवर्तन होते हैं। दूसरा शरीर में कई पोषक तत्वों (Nutrition) की कमी होने लगती है। शरीर की पहली प्राथमिकता आवश्यक अंगों को गर्म […]
    सम्बंधित ख़बरें
    लेटेस्ट
    खरी-खरी
    का राशिफल
    जीवनशैली
    मनोरंजन
    अभी-अभी
  • Archives

  • ©2026 Agnibaan , All Rights Reserved