
कोटद्वार। उत्तराखंड (Uttarakhand) के कोटद्वार (Kotdwar) में मुस्लिम दुकानदार वकील अहमद (Vakil Ahmed) के समर्थन में खड़े हुए जिम संचालक दीपक कुमार (Deepak Kumar) के खिलाफ पुलिस ने FIR दर्ज की है। दीपक और उनके साथी विजय रावत के खिलाफ यह मामला बजरंग दल के विरोध प्रदर्शन के बाद दर्ज किया गया। दीपक का कहना है कि वे नफरत के आगे नहीं झुकेंगे।
घटना की शुरुआत 26 जनवरी को हुई थी, जब बजरंग दल के कुछ युवकों ने वकील अहमद की “बाबा स्कूल ड्रेस” नाम की दुकान पर आपत्ति जताई और नाम बदलने का दबाव बनाया। दीपक कुमार और स्थानीय लोगों ने दुकानदार का समर्थन किया। 31 जनवरी को देहरादून से कुछ लोग आए और विरोध प्रदर्शन किया, जिसके बाद पुलिस ने FIR दर्ज की।
इस मामले में सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में दीपक कुमार दुकानदार के बचाव में कहते हुए नजर आए, “इनकी दुकान तीस साल से यहां है, और नाम नहीं बदलेगा।” कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने भी दीपक को “संविधान और इंसानियत के लिए लड़ने वाला हीरो” बताया।
दीपक ने प्रशासन पर एकतरफा रवैया अपनाने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि जिम पर आर्थिक नुकसान हुआ और उन्हें अभी भी धमकियां मिल रही हैं। स्थानीय लोग दीपक के समर्थन में खड़े हैं, जबकि प्रशासन ने शांति बनाए रखने के लिए फ्लैग मार्च भी निकाला। उत्तराखंड में हाल के महीनों में ऐसी सांप्रदायिक घटनाओं में वृद्धि देखी गई है, जिसमें पूर्वोत्तर छात्र की हत्या और कश्मीरी युवक पर हमला शामिल है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved