नई दिल्ली। मशहूर कवि (Famous Poet) और वक्ता कुमार विश्वास (Kumar Biswas) ने सोशल मीडिया पर चर्चा में आई ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ को लेकर तीखी प्रतिक्रिया दी है। देहरादून में पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि अगर “कॉकरोच” पैदा हुए हैं तो उनका इलाज करने के लिए “हिट” भी मौजूद है और समय आने पर इलाज हो जाएगा।
दरअसल, हाल के दिनों में सोशल मीडिया पर ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ नाम से एक व्यंग्यात्मक डिजिटल अभियान तेजी से वायरल हुआ। इस नाम से बने सोशल मीडिया अकाउंट्स पर कुछ ही दिनों में करोड़ों लोगों की दिलचस्पी देखने को मिली और फॉलोअर्स की संख्या तेजी से बढ़ी। इस अभियान ने राजनीतिक और सामाजिक बहस को भी हवा दे दी।
कॉकरोच जनता पार्टी को लेकर पूछे गए सवाल पर कुमार विश्वास ने कहा, “मुझे बचपन में मां ने बताया था कि कॉकरोच अंधेरे में रहते हैं, झुंड में रहते हैं और बनी-बनाई व्यवस्थाओं को नुकसान पहुंचाते हैं। अगर कॉकरोच बने हैं तो इस देश में ‘हिट’ भी बने हैं। बंगाल हो या पंजाब, कॉकरोचों का इलाज हो जाएगा।”
उनके इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर बहस तेज हो गई है। कुछ लोग इसे राजनीतिक व्यंग्य बता रहे हैं, जबकि कई यूजर्स इसे विवादित टिप्पणी मान रहे हैं।
पिछले सप्ताह भारत के मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत ने एक मामले की सुनवाई के दौरान “कॉकरोच” और “परजीवी” जैसे शब्दों का इस्तेमाल किया था। इन टिप्पणियों को लेकर विवाद खड़ा हो गया था। बाद में सीजेआई ने स्पष्ट किया कि उनकी टिप्पणी फर्जी डिग्री के जरिए कानून पेशे में प्रवेश करने वाले लोगों के संदर्भ में थी और इसे गलत तरीके से पेश किया गया।
इसी विवाद के बाद सोशल मीडिया पर ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ नाम का डिजिटल व्यंग्य अभियान सामने आया, जिसने देखते ही देखते बड़ी संख्या में युवाओं और सोशल मीडिया यूजर्स का ध्यान खींच लिया।
तमिलनाडु के मदुरै और विलुपुरम में बेरोजगारी के मुद्दे को लेकर युवाओं ने ‘कॉकरोच रैली’ भी निकाली। इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में छात्र और युवा शामिल हुए। रैली के दौरान प्रदर्शनकारी “हमें काम चाहिए, सम्मान चाहिए” जैसे नारे लिखी तख्तियां लेकर सड़कों पर उतरे।
मदुरै में इस रैली का आयोजन डीवाईएफआई और एसएफआई जैसे छात्र-युवा संगठनों ने संयुक्त रूप से किया। बताया गया कि ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ से जुड़े समर्थकों ने भी इस अभियान को समर्थन दिया।
महाराष्ट्र के हिंगोली जिले में ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ के संस्थापक अभिजीत दिपके के घर के बाहर पुलिस तैनात कर दी गई है। अभिजीत फिलहाल अमेरिका में पढ़ाई कर रहे हैं। पुलिस के मुताबिक, एहतियात के तौर पर सुरक्षा बढ़ाई गई है।
इसी बीच ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ की वेबसाइट, इंस्टाग्राम और एक्स अकाउंट अचानक बंद पाए गए। इससे पहले अभिजीत दिपके ने सोशल मीडिया पर दावा किया था कि उन्हें जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं। पुलिस का कहना है कि किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए उनके घर के पास सुरक्षा व्यवस्था की गई है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved