धर्म-ज्‍योतिष मध्‍यप्रदेश

शनिश्चरी अमावस्या पर शनिधाम पहुंचे लाखों श्रद्धालु

मुरैना। शनिश्चरी अमावस्या (Shanishchari Amavasya)  पर शनिवार को जिले के ऐंती ग्राम में स्थित प्राचीन शनिधाम मंदिर (Ancient Shanidham Temple) पर विशाल मेला (huge fair) का आयोजन हुआ। मेले में लाखों की संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर सुख-समृद्धि और शांति की प्राप्ति के लिए भगवान शनिदेव के दर्शन किये और प्रार्थना की। जिला प्रशासन द्वारा की गई माकूल व्यवस्थाओं के चलते श्रद्धालुओं को दर्शन करने में किसी भी प्रकार की कोई परेशानी नहीं हुई।

 

त्रेता युगीन शनि मंदिर पर शनिवार को विशाल मेला लगा। मेले में देशभर से आए लाखों श्रृद्धालुओं ने भगवान शनिदेव के दरबार में मत्था टेका। श्रृद्धालुओं के आने का सिलसिला रात तक चलता रहा। इस बार प्रशासन ने भी व्यापक व्यवस्थाऐं की हुईं थीं। 700 पुलिस कर्मचारी एवं अन्य 1000 कर्मचारियों को तैनात किया गया था। मेले में प्रशासन द्वारा महिला एवं पुरुष स्नानागार की उचित व्यवस्था की गई थी। जिससे महिला एवं पुरुषों के द्वारा अलग-अलग स्थानों पर स्नान किया जा रहा था। करीब 300 नाइयों को भी मुंडन हेतु बिठाया गया।



इस बार जिला प्रशासन द्वारा शनि मेला में महिला-पुरूषों को दर्शन करने की उचित व्यवस्था की गई थी। शनि मेला में हरियाणा के हिसार जिले के बलवीर सिंह ने बताया कि प्रशासन ने चाक चौबंद व्यवस्थायें की है, हमें किसी भी प्रकार की दर्शन करने में कठिनाई नहीं हुई। वहीं उत्तरप्रदेश के आगरा के दिनेश डंडोतिया, दिल्ली के करोल बाग से आये लाखन सिंह जाट और धर्मवीर सिंह ने मेला अवसर पर प्रशासन द्वारा की गई बेहतर व्यवस्थाओं की प्रशंसा की।

 

शनि मेले में आने वाले दर्शनार्थियों को बेहतर सुविधायें मिलें इसके लिये इस बार भारत स्काउट गाइड के कार्यकर्ताओं को लगाया गया। स्काउट गाइड के सदस्यों ने मेले में घूमकर अपनी सेवायें प्रदान की जिसके तहत उन्होंने वृद्ध व दिव्यांग लोगों को दर्शन कराने का कार्य बखूबी निभाया। शनि अमावस्या पर शनि मंदिर के भव्य मेला में पुर्तगाल से आये कुछ पुजारी संत दर्शनार्थियों ने भी भगवान श्री शनिदेव के दर्शन कर अपने सुखद भविष्य की कामना की।

 

केन्द्रीय मंत्री तोमर ने की पूजा-अर्चना: केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने रात्रि 12 बजे के बाद शनि अमावस्या पर ऐंती गांव पहुंचकर भगवान शनिदेव मंदिर में अनुष्ठान किया। उन्होंने भगवान शनिदेव को सरसों के तेल से अभिषेक कर देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत रखने तथा आमजन के निरोगी, उनके सुखद भविष्य की कामनायें की। उपस्थित पुजारियों ने वैदिक मंत्रोचार के साथ पूजा अर्चना करायी। इसके पूर्व केन्द्रीय मंत्री तोमर ने मेला तैयारियों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने जगह-जगह छाया, पेयजल के लिये लगाये गये पंडालों, भण्डरे स्थलों, दर्शन के लिये लगाई गई लोहे की बेरीकेटिंग व्यवस्था को भी देखा।

 

 

Share:

Next Post

जानें कौन हैं यह, भाजपा का मिशन 2023 पूरा करने के लिए उतरेंगे 'त्रिदेव'

Sat Apr 30 , 2022
भोपाल: मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) की राजधानी भोपाल (Bhopal) में आज बीजेपी ने अपने ”त्रिदेव” की बैठक आयोजित की. इस बैठक के जरिए बीजेपी अपने सबसे पुराने फॉर्मूले पर काम करने की तैयारी में दिख रही है. दरअसल, बीजेपी ”बूथ जीतो चुनाव जीतो” पर मजबूती से काम कर रही है. यही वजह है कि आज […]