- कस्टमर केयर पर फ़ोन करने के चंद मिनट बाद ही आया था लिंक
भोपाल। शाहजहांनाबाद थाना क्षेत्र मे रहने वाली एक महिला को कार का फास्टैग रिचार्ज करने के बहाने जालसाज ने 70 हजार रुपए बैंक खाते से निकाल लिए। घटना शुक्रवार 3 मार्च दोपहर की बताई जा रही है। शाहजहांनाबाद पुलिस ने धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज कर जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार 47 वर्षीय प्रतीक्षा नायक ब्राइट कॉलोनी शाहजहांनाबाद में रहती हैं। उन्होंने खुद को सेल्फ इम्प्लाई बताते हुए पुलिस में शिकायत की थी कि उनकी गाड़ी का फास्टैग रिचार्ज नहीं हो रहा है। इसके बाद उन्होंने कस्टमर केयर का नंबर तलाशा और नेट पर मिले नंबर पर फ़ोन किया।
फ़ोन तो रिसीव नहीं हुआ, लेकिन दस मिनट बाद एक अन्य मोबाइल नंबर से फ़ोन आया और कहा कि आपका बैंक खाता लिंक नहीं है, इस कारण आपका फास्टैग रिचार्ज नहीं हो रहा है। जालसाज ने कहा कि मैं आपके मोबाइल पर एक लिंक भेज रहा हूं। लिंक में मांगी गई जानकारी भर दो, जिससे आपका बैंक खाता लिंक हो जाए। इसके बाद आप रीचार्ज कर सकती हैं। महिला ने जालसाज द्वारा भेजी गई लिंक को खोलकर उसमें चाही गई जानकारी भरती चली गई। जो समझ में नहीं आ रहा था, उसके संबंध में वह फ़ोन पर जालसाज से पूछती चली गई। जालसाज के बताए अनुसार डिटेल भरकर ओके करते ही महिला के बैंक खाते से 70 हजार रुपए कट गए। इसके बाद महिला तुरंत थाने पहुंची और अज्ञात के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज करा दिया है। पुलिस अब पता करने में जुटी है कि उक्त पैसे किस बैंक खाते में गए हैं या कहीं और भेजे गए हैं।
Share: