उत्तर प्रदेश बड़ी खबर

अयोध्या में सौ करोड़ में बनेगा भगवान आदिनाथ का मंदिर, पांच एकड़ जमीन देगी सरकार

मेरठ। भगवान ऋषभ देव की जन्मस्थली अयोध्या का विकास हस्तिनापुर के जंबू द्वीप की तर्ज पर होगा। जंबू द्वीप से जुड़ीं ज्ञानमती माता जी के निर्देशन में दिगंबर जैन अयोध्या तीर्थ क्षेत्र कमेटी इस पर कार्य कर रही है। 100 करोड़ से अधिक की लागत से मंदिर निर्माण की तैयारी है। लखनऊ के आर्किटेक्ट मंदिर का मास्टर प्लान तैयार कर रहे हैं।

दिगंबर जैन अयोध्या तीर्थ क्षेत्र कमेटी के अध्यक्ष पीठाधीश स्वामी रविंद्र कीर्ति जी महाराज ने बताया कि ज्ञानमती माता जी वर्ष 1995 से अयोध्या के विकास के लिए कार्य कर रही हैं। नौ मंदिरों का अयोध्या में निर्माण किया जा चुका है। अब अंतिम चरण में आदिनाथ तीर्थंकर ऋषभ देव भगवान की जन्मस्थली का विकास कार्य प्रगति पर है।

समिति के सचिव डॉ. जीवन प्रकाश ने बताया कि भगवान श्रीराम के मंदिर से एक किलोमीटर की दूरी पर मंदिर का निर्माण किया जाएगा। होली के आसपास कार्य आरंभ होने की संभावना है। मनोज जैन के मुताबिक जैन तीर्थ को विकसित करने में केंद्र सरकार पांच एकड़ भूमि देने की तैयारी कर रही है। जल्द ही प्रधानमंत्री इसकी घोषणा कर सकते हैं। जैन समाज के पास अभी सात एकड़ भूमि है।


जैन समाज का शास्वत तीर्थ अयोध्या
अयोध्या को जैन समाज का शास्वत तीर्थ माना जाता है। इस तीर्थ पर ही जैन समाज के 24 तीर्थंकर जन्म लेते हैं। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार चतुर्थ काल में अयोध्या में पांच तीर्थंकरों ने जन्म लिया। इसमें आदिनाथ तीर्थंकर भगवान ऋषभ देव, भगवान अजितनाथ, भगवान अभिनंदन नाथ, भगवान सुमतिनाथ, भगवान अनंतनाथ जी रहे। तीन तीर्थंकरों का जन्म हस्तिनापुर में हुआ। भगवान महावीर अंतिम तीर्थंकर माने जाते हैं। मंत्री मनोज जैन ने बताया कि अयोध्या में श्रीराम मंदिर की खुदाई के दौरान भी जैन मंदिर से जुड़े अवशेष प्राप्त हुए थे।

चरण स्थानों का होगा जीर्णोद्धार
दिगंबर जैन अयोध्या तीर्थ क्षेत्र कमेटी के मंत्री मनोज जैन ने बताया कि पांच तीर्थंकरों के चरण स्थानों का भी विकास किया जाएगा। इसके लिए समिति के द्वारा तैयारी की जा रही है। आने वाले समय में जैन धर्म प्रेमियों के साथ अन्य सभी के लिए अयोध्या एक अलग धार्मिक स्वरूप नजर आएगा।

Share:

Next Post

अब बिग बॉस 15 में होगी इस नये चेहरे की एंट्री, कंटेस्टेंट्स को संस्कार सिखाने का किया दावा

Sun Nov 21 , 2021
नई दिल्ली। कई तिकड़म लगाने के बावजूद बिग बॉस (Bigg Boss 15) की टीआरपी लगातार गिरती जा रही है. अब इस शो में जान लाने के लिए नए कंटेस्टेंट की वाइल्ड कार्ड एंट्री करवाई गई है, जिनमें से एक शख्स ने तो यह भी दावा किया कि वो अब वो बिग बॉस के कंटेस्टेंट को […]