
सांगली। महाराष्ट्र (Maharashtra) के सांगली जिले (Sangli District) में एक कुएं के पानी ने आसपास के लोगों की चिंता बढ़ा दी है। कुएं में पानी के ऊपर पेट्रोल (Petrol) जैसा दिखने वाला ज्वलनशील पदार्थ तैरता नजर आ रहा है। स्थानीय लोगों ने इसे बोतल में निकालकर देखा तो यह पेट्रोल जैसा दिखाई दिया और आग के संपर्क में आने पर तेजी से जल उठा। हालांकि, प्रशासन ने अभी इसकी पुष्टि नहीं की है कि कुएं में मिला पदार्थ वास्तव में पेट्रोल ही है।
मामला जट तालुका के उमाड़ी गांव का है। उमाड़ी-पंढरपुर हाईवे के पास डुंडाप्पा माली के खेत में यह कुआं स्थित है। ग्रामीणों के मुताबिक, पिछले कुछ समय से कुएं के आसपास पेट्रोल जैसी तेज गंध महसूस हो रही थी। अब पानी की सतह पर ज्वलनशील लिक्विड दिखाई देने के बाद लोगों की चिंता और बढ़ गई है।
कुएं के पास पेट्रोल पंप, इसलिए सबसे पहले हुआ रिसाव का शक
कुएं के नजदीक एक पेट्रोल पंप भी मौजूद है। ऐसे में शुरुआती तौर पर आशंका जताई गई कि कहीं पेट्रोल पंप की भूमिगत टंकी से रिसाव तो नहीं हो रहा। लोगों को शक था कि अगर टंकी से पेट्रोल लीक हुआ होगा तो वह जमीन के भीतर से होकर कुएं तक पहुंच सकता है।
मामला सामने आने के बाद पेट्रोल पंप की टंकी की जांच कराई गई। HPCL के अधिकारियों ने टंकी को चेक किया। जांच के बाद अधिकारियों ने बताया कि टंकी में किसी तरह का लीकेज नहीं मिला है। इसके बाद प्रशासन ने कुएं में दिखाई दे रहे पदार्थ के स्रोत का पता लगाने के लिए जांच का दायरा बढ़ा दिया है।
प्रशासन पता लगा रहा- कुएं में कहां से आया पदार्थ
जट तहसीलदार कार्यालय के I.O. श्रीकांत चोथे के मुताबिक, मामले की जांच की गई है। शुरुआत में पेट्रोल पंप की टंकी से रिसाव की आशंका थी, जिसकी जानकारी HPCL को दी गई थी। कंपनी की जांच में टंकी में लीकेज नहीं मिला।
अब प्रशासन यह पता लगाने में जुटा है कि कुएं के पानी में पेट्रोल जैसा पदार्थ आखिर पहुंचा कहां से। अधिकारियों के मुताबिक, अभी यह भी स्पष्ट नहीं है कि पानी की सतह पर दिखाई दे रहा ज्वलनशील लिक्विड पेट्रोल है या कोई दूसरा पदार्थ। इसकी जांच के बाद ही वास्तविक स्थिति सामने आएगी।
कुएं का पानी इस्तेमाल करना बंद
कुएं के मालिक डुंडाप्पा माली ने बताया कि पानी से पेट्रोल जैसी गंध आ रही है। एहतियात के तौर पर अब इस पानी का इस्तेमाल पीने के लिए नहीं किया जा रहा है। जानवरों को भी कुएं का पानी पिलाना बंद कर दिया गया है।
माली के मुताबिक, इसका असर खेत की खेती पर भी पड़ रहा है। कुएं में ज्वलनशील पदार्थ दिखाई देने के कारण परिवार और आसपास के लोगों में डर बना हुआ है। उन्होंने प्रशासन से कुएं के आसपास घेराबंदी कराने की मांग की है, ताकि कोई व्यक्ति अनजाने में उसके करीब न पहुंचे।
कुएं को देखने पहुंच रही भीड़, हादसे का खतरा
घटना की जानकारी फैलने के बाद बड़ी संख्या में लोग कुएं को देखने पहुंच रहे हैं। स्थानीय लोगों के मुताबिक, कुएं में सीढ़ियां नहीं हैं और नीचे उतरने के लिए रस्सी का सहारा लेना पड़ता है। ऐसे में बढ़ती भीड़ के बीच किसी के कुएं में गिरने का खतरा भी बना हुआ है।
फिलहाल प्रशासन की प्राथमिकता कुएं में मिले पदार्थ की पहचान और उसके स्रोत का पता लगाना है। पेट्रोल पंप की टंकी में रिसाव नहीं मिलने के बाद अब जांच इस बात पर केंद्रित है कि ज्वलनशील लिक्विड जमीन या किसी अन्य स्रोत के जरिए कुएं तक कैसे पहुंचा। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही साफ होगा कि कुएं में मिला पदार्थ वास्तव में पेट्रोल है या कोई अन्य ज्वलनशील रसायन।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved