img-fluid

रामायण के पथ पर दौड़ेगी आस्था की रेल, अयोध्या से जनकपुर तक बनेगा अंतरराष्ट्रीय सांस्कृतिक सेतु

November 22, 2026
– डॉ. मयंक चतुर्वेदी

नई दिल्‍ली। रामायण की कथा में अयोध्या से जनकपुर तक विवाह का प्रसंग है, चित्रकूट में वनवास की स्मृतियां हैं, पंचवटी में सीता हरण की कथा है, किष्किंधा में हनुमान और सुग्रीव से मिलन का प्रसंग है और रामेश्वरम में समुद्र पर सेतु निर्माण का संकल्प। सदियों से ये स्थल करोड़ों भारतीयों की आस्था, संस्कृति और जीवन परंपरा के केंद्र रहे हैं। अब भारतीय रेलवे इन धार्मिक स्मृतियों को आधुनिक रेल नेटवर्क से जोड़कर एक ऐसे आध्यात्मिक यात्रा मार्ग का विस्तार करने में जुटा है, जिसकी सीमाएं भारत से नेपाल तक पहुंच रही हैं।दरअसल, अयोध्या और जनकपुरधाम के बीच प्रस्तावित 604 किलोमीटर लंबी अंतरराष्ट्रीय रेल सेवा इस दिशा में बड़ी पहल है। 23 नवंबर 2026 को इसके शुभारंभ की प्रस्तावित योजना के साथ भारत और नेपाल के बीच रामायण आधारित सांस्कृतिक संपर्क को नई गति मिलने की उम्मीद है। दूसरी ओर, भारत गौरव डीलक्स एसी टूरिस्ट ट्रेन की 17 दिवसीय श्री रामायण यात्रा श्रद्धालुओं को देश के अलग-अलग राज्यों में फैले 30 से अधिक मंदिरों और तीर्थस्थलों तक पहुंचाने का माध्यम बन रही है।

अयोध्या-जनकपुर रेल सेवा से जुड़ेगा राम और जानकी का सांस्कृतिक रिश्ता

भगवान श्रीराम की जन्मभूमि अयोध्या और माता सीता की जन्मस्थली माने जाने वाले नेपाल के जनकपुरधाम के बीच संबंध भारतीय सभ्यता की प्राचीन सांस्कृतिक स्मृतियों में गहराई से स्थापित है। रामायण में वर्णित राम-सीता विवाह का प्रसंग इन दोनों नगरों को धार्मिक और भावनात्मक रूप से जोड़ता है। अब प्रस्तावित सीधी अंतरराष्ट्रीय रेल सेवा इस संबंध को परिवहन के आधुनिक माध्यम से विस्तार देने जा रही है।

लगभग 604 किलोमीटर की दूरी तय करने वाली इस साप्ताहिक ट्रेन का संचालन जनकपुरधाम से अयोध्या कैंट तक प्रस्तावित है। निर्धारित योजना के अनुसार नेपाल से शनिवार को ट्रेन रवाना होगी और अयोध्या से सोमवार को वापसी का कार्यक्रम रखा गया है। 23 नवंबर 2026 को भारत और नेपाल के प्रधानमंत्रियों द्वारा संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर इसका शुभारंभ किया जा रहा है।

इस रेल सेवा का महत्व धार्मिक यात्रा तक सीमित नहीं है। इसके मार्ग में बिहार और उत्तर प्रदेश के दस प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव प्रस्तावित हैं। इनमें जयनगर, मधुबनी, शिशो, सीतामढ़ी, रक्सौल, नरकटियागंज, गोरखपुर, बस्ती, मनकापुर और अयोध्या धाम शामिल हैं। इससे मिथिलांचल, सीमावर्ती बिहार और पूर्वांचल के यात्रियों को भी आवागमन का नया विकल्प मिलेगा।


  • जनकपुर से पशुपतिनाथ और मुक्तिनाथ तक धार्मिक पर्यटन की संभावना

    इस रेल संपर्क से नेपाल में धार्मिक पर्यटन की नई संभावनाएं भी खुल सकती हैं। नेपाल चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के मधेस प्रांत की ट्रैवल एंड एयर ट्रांसपोर्ट कमिटी के अध्यक्ष मोहन प्रसाद शर्मा के अनुसार, जनकपुर आने वाले भारतीय श्रद्धालुओं को विशेष पर्यटन पैकेजों के माध्यम से काठमांडू के पशुपतिनाथ मंदिर और पश्चिमी नेपाल के मुस्तांग जिले में स्थित मुक्तिनाथ मंदिर तक ले जाया जा सकता है।

    उनका कहना है कि अब तक अयोध्या आने वाले भारतीय श्रद्धालुओं का बड़ा हिस्सा जनकपुर तक पहुंचने के लिए प्रेरित नहीं हो पाया था। यदि अयोध्या आने वाले भारतीय पर्यटकों में से दो से पांच प्रतिशत लोगों को भी जानकी मंदिर तक लाया जा सके तो इससे स्थानीय पर्यटन कारोबार को बड़ी मजबूती मिल सकती है।

    नेपाल के संस्कृति, पर्यटन और नागरिक उड्डयन मंत्रालय के वर्ष 2025 के आंकड़ों के अनुसार, देश में 11,62,365 विदेशी पर्यटक पहुंचे थे। इनमें 1,67,380 पर्यटक धार्मिक उद्देश्यों से आए, जो कुल विदेशी पर्यटकों का 14.40 प्रतिशत है। छुट्टियां बिताने और मनोरंजन के लिए आने वाले पर्यटकों के बाद धार्मिक पर्यटन नेपाल आने का दूसरा सबसे बड़ा कारण रहा।

    जनकपुर के जानकी मंदिर के पुजारी रोशन दास के अनुसार, मंदिर में प्रतिदिन एक हजार से पांच हजार तक श्रद्धालु पहुंचते हैं। गर्मियों में भारतीय श्रद्धालुओं की संख्या अधिक रहती है, जबकि सर्दियों में स्थानीय नेपाली श्रद्धालुओं की आवाजाही बढ़ जाती है। ऐसे में भारत से सीधा रेल संपर्क इस धार्मिक केंद्र की अंतरराष्ट्रीय पहचान और पर्यटक संख्या दोनों बढ़ाने में सहायक हो सकता है।

    दूसरी ओर भारत में ट्रैवल एंड एयर ट्रांसपोर्ट विशेषज्ञ सुश्री पुर्णिमा शर्मा का कहना है कि वर्ष 2025 में भारत आने वाले कुल अंतरराष्ट्रीय पर्यटकों की संख्या 2.53 करोड़ रही, जबकि इससे पहले वर्ष 2024 में 2.05 करोड़ अंतरराष्ट्रीय आगमन दर्ज किए गए थे, जिनमें 99.52 लाख विदेशी पर्यटक और 1.06 करोड़ प्रवासी भारतीय शामिल थे।

    वे कहती हैं, इंडिया टूरिज्म डेटा कंपेंडियम के यात्रा उद्देश्य वर्गीकरण में तीर्थाटन को ‘अन्य’ (धार्मिक यात्रा, पारिवारिक भेंट व सांस्कृतिक आदान-प्रदान) श्रेणी के तहत गिना जाता है। इस श्रेणी में लगभग 11 फीसद विदेशी पर्यटक आते हैं, जो 2024 के 99.52 लाख विदेशी पर्यटकों के आधार पर करीब 10.6 लाख यात्री बैठते हैं। इनमें मुख्य रूप से बौद्ध सर्किट (बोधगया, सारनाथ, कुशीनगर) और प्रमुख हिंदू तीर्थ स्थलों (वाराणसी, अयोध्या, तिरुपति आदि) पर आने वाले विदेशी श्रद्धालु शामिल होते हैं।

    वहीं टूरिज्म के विशेषज्ञ एवं मंदीप सिंह ने बताया कि सभी विदेशी पर्यटकों से भारत को वर्ष 2025 में कुल ₹2,76,831 करोड़ की विदेशी मुद्रा प्राप्त हुई, जबकि 2024 में यह आय संशोधित अनुमान के तहत ₹2,93,033 करोड़ थी। चूंकि कुल विदेशी पर्यटकों में लगभग 11 प्रतिशत हिस्सेदारी तीर्थाटन व सांस्कृतिक यात्राओं की है, इसलिए इस अनुपात के आधार पर विदेशी तीर्थाटन पर्यटकों से भारत को सालाना लगभग ₹30,000 करोड़ से ₹32,000 करोड़ के बीच प्रत्यक्ष विदेशी मुद्रा लाभ का अनुमान लगाया जाता है। इसके अतिरिक्त, यदि घरेलू और विदेशी दोनों तीर्थयात्रियों को मिलाकर देखा जाए, तो भारत की समग्र धार्मिक और आध्यात्मिक पर्यटन अर्थव्यवस्था ₹16.8 लाख करोड़ से भी अधिक की है।

    नौ राज्यों के 15 प्रमुख स्थलों से गुजरेगी रामायण की सांस्कृतिक यात्रा

    रामायण सर्किट की अवधारणा भगवान श्रीराम के जीवन और रामायण के प्रमुख प्रसंगों से जुड़े धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों को एक व्यापक पर्यटन परिपथ में जोड़ने की है। केंद्र सरकार की स्वदेश दर्शन योजना के अंतर्गत इस दिशा में काम किया जा रहा है। इसके तहत भारत के नौ राज्यों के 15 प्रमुख स्थलों के साथ नेपाल के जनकपुरधाम को भी सांस्कृतिक विस्तार के महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में देखा जा रहा है।

    उत्तर प्रदेश में अयोध्या, नंदीग्राम, श्रृंगवेरपुर, प्रयागराज और चित्रकूट इस परिपथ के प्रमुख पड़ाव हैं। बिहार में बक्सर, सीतामढ़ी और दरभंगा का महत्व है। मध्य प्रदेश के चित्रकूट क्षेत्र, छत्तीसगढ़ के दंडकारण्य और जगदलपुर, महाराष्ट्र के नासिक-पंचवटी, तेलंगाना के भद्राचलम, कर्नाटक के हम्पी-किष्किंधा और तमिलनाडु के रामेश्वरम को भी इस सांस्कृतिक यात्रा से जोड़ने की परिकल्पना है।

    इन स्थानों का महत्व रामायण के अलग-अलग प्रसंगों से जुड़ा है। अयोध्या श्रीराम की जन्मभूमि, चित्रकूट वनवास की स्मृतियों, पंचवटी सीता हरण के प्रसंग, हम्पी-किष्किंधा हनुमान और सुग्रीव से जुड़ी मान्यताओं तथा रामेश्वरम रामकथा के दक्षिण भारतीय विस्तार का प्रतीक है। इन स्थानों को बेहतर रेल, सड़क और स्थानीय परिवहन सुविधाओं से जोड़ने पर श्रद्धालु एक ही यात्रा में रामायण के विविध प्रसंगों से जुड़े स्थलों का अनुभव कर सकेंगे।

    17 दिन में 30 से अधिक तीर्थों के दर्शन कराती भारत गौरव ट्रेन

    सामान्य रेल सेवाओं के साथ भारतीय रेलवे की भारत गौरव डीलक्स एसी टूरिस्ट ट्रेन धार्मिक पर्यटन को संगठित और सुविधाजनक स्वरूप दे रही है। इसके अंतर्गत संचालित श्री रामायण यात्रा लगभग 16 रात और 17 दिन का विशेष पर्यटन पैकेज है। दिल्ली के सफदरजंग रेलवे स्टेशन से शुरू होने वाली यह यात्रा करीब 7,500 किलोमीटर का सफर तय करते हुए 30 से अधिक मंदिरों और पवित्र स्थलों तक पहुंचाती है।

    यात्रा की शुरुआत अयोध्या से होती है। यहां श्रद्धालुओं को श्रीराम जन्मभूमि मंदिर, हनुमानगढ़ी और सरयू आरती के दर्शन कराए जाते हैं। इसके बाद नंदीग्राम के भरतकुंड, सीतामढ़ी और नेपाल के जनकपुरधाम स्थित जानकी मंदिर तक पहुंचने का अवसर मिलता है। आगे बिहार के बक्सर में रामरेखा घाट, वाराणसी में काशी विश्वनाथ, प्रयागराज, श्रृंगवेरपुर और चित्रकूट के रामघाट, गुप्त गोदावरी तथा सती अनुसूया आश्रम यात्रा के महत्वपूर्ण पड़ाव हैं।

    इसके बाद यात्रा महाराष्ट्र के नासिक स्थित पंचवटी, कालाराम मंदिर, सीता गुफा और त्र्यंबकेश्वर तक पहुंचती है। कर्नाटक के हम्पी-किष्किंधा क्षेत्र में अंजनेय पर्वत और विरुपाक्ष मंदिर के दर्शन कराए जाते हैं। अंतिम चरण में तमिलनाडु के रामेश्वरम स्थित रामनाथस्वामी मंदिर और धनुषकोडी के दर्शन होते हैं। वापसी मार्ग में तेलंगाना के भद्राचलम स्थित सीतारामचंद्र स्वामी मंदिर को भी यात्रा में शामिल किया जाता है।

    इस ट्रेन में प्रथम, द्वितीय और तृतीय वातानुकूलित श्रेणी के कोच, भोजन के लिए डाइनिंग रेस्तरां, शाकाहारी भोजन, स्थानीय भ्रमण के लिए बसें, होटल में रात्रि विश्राम, यात्रा बीमा और टूर मैनेजर जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने की व्यवस्था है। इसका उद्देश्य लंबी दूरी की तीर्थयात्रा को बुजुर्गों, महिलाओं और परिवारों के लिए अधिक व्यवस्थित एवं सुविधाजनक बनाना है।

    अयोध्या का रेलवे स्टेशन बन रहा धार्मिक पर्यटन का आधुनिक प्रवेश द्वार

    श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में प्राण-प्रतिष्ठा के बाद अयोध्या पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। इस बढ़ती आवाजाही को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने अयोध्या के रेल ढांचे का विस्तार किया है। अयोध्या धाम जंक्शन को मंदिर वास्तुकला से प्रेरित स्वरूप में विकसित किया गया है। यहां विशाल प्रतीक्षालय, एस्केलेटर, लिफ्ट, भोजन सुविधाएं, शिशु देखभाल कक्ष और पर्यटक सूचना केंद्र जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। अयोध्या कैंट स्टेशन को भी लंबी दूरी की रेल सेवाओं के संचालन के अनुरूप विकसित किया गया है।

    अयोध्या को देश के अलग-अलग हिस्सों से जोड़ने के लिए वंदे भारत, अमृत भारत, श्रद्धा सेतु एक्सप्रेस और आस्था विशेष ट्रेनों जैसी सेवाओं का विस्तार हुआ है। दरभंगा-अयोध्या-आनंद विहार अमृत भारत एक्सप्रेस मिथिलांचल को अयोध्या और दिल्ली से जोड़ती है। अयोध्या कैंट से रामेश्वरम तक श्रद्धा सेतु एक्सप्रेस उत्तर और दक्षिण भारत के प्रमुख रामायण तीर्थों के बीच संपर्क मजबूत करती है। विभिन्न राज्यों से संचालित आस्था विशेष ट्रेनों ने छोटे शहरों के श्रद्धालुओं के लिए भी अयोध्या की यात्रा आसान बनाई है।

    चित्रकूट से रामेश्वरम तक रेल संपर्क को मिल रहा विस्तार

    रामायण सर्किट के अन्य प्रमुख तीर्थस्थलों तक पहुंच आसान बनाने के लिए भी रेलवे नेटवर्क और स्टेशन सुविधाओं का विकास किया जा रहा है। चित्रकूट धाम कर्वी स्टेशन का आधुनिकीकरण किया जा रहा है। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत यात्री सुविधाओं का विस्तार और चित्रकूट एक्सप्रेस, महाकौशल एक्सप्रेस जैसी सेवाओं से संपर्क को मजबूती मिली है।

    बिहार में सीतामढ़ी-पुनौरा धाम क्षेत्र के रेल संपर्क और दरभंगा-रक्सौल रेलखंड के विकास से मिथिला क्षेत्र की यात्रा सुविधाओं को विस्तार मिल रहा है। बक्सर दिल्ली-हावड़ा मुख्य रेलमार्ग से जुड़ा होने के कारण प्रमुख रेल सेवाओं का लाभ प्राप्त करता है। महाराष्ट्र में नासिक रोड स्टेशन से पंचवटी और त्र्यंबकेश्वर के तीर्थस्थलों तक पहुंचना सुविधाजनक है। कर्नाटक में हम्पी-किष्किंधा क्षेत्र के लिए होसपेटे जंक्शन महत्वपूर्ण रेल संपर्क उपलब्ध कराता है।

    दक्षिण भारत में रामेश्वरम तक रेल संपर्क को मजबूत करने में नया पंबन वर्टिकल लिफ्ट रेल पुल महत्वपूर्ण है। समुद्र के बीच स्थित रामेश्वरम द्वीप को मुख्य भूमि से जोड़ने वाला यह पुल आधुनिक रेल इंजीनियरिंग की महत्वपूर्ण परियोजना है। इससे श्रद्धालुओं को रामेश्वरम की यात्रा के लिए बेहतर परिवहन सुविधा मिलती है।

    धार्मिक पर्यटन से सीमावर्ती अर्थव्यवस्था को मिलेगा नया आधार

    अयोध्या-जनकपुर रेल सेवा और रामायण सर्किट का विस्तार धार्मिक पर्यटन के साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था के लिए भी महत्वपूर्ण साबित हो सकता है। जयनगर, मधुबनी, सीतामढ़ी, रक्सौल, नरकटियागंज, गोरखपुर, बस्ती और मनकापुर जैसे शहरों में यात्रियों की आवाजाही बढ़ने से होटल, धर्मशालाओं, भोजनालयों, टैक्सी, ई-रिक्शा, फूल-प्रसाद विक्रेताओं और स्थानीय दुकानदारों को कारोबार के नए अवसर मिल सकते हैं।

    मिथिला की प्रसिद्ध चित्रकला और पारंपरिक हस्तशिल्प को भी अंतरराष्ट्रीय पर्यटकों के सामने प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा। स्थानीय कारीगरों के उत्पादों की मांग बढ़ने से ग्रामीण और छोटे उद्यमों को आर्थिक संबल मिल सकता है। धार्मिक पर्यटन के साथ स्थानीय भोजन, लोककला और सांस्कृतिक परंपराओं को जोड़ने से पर्यटकों का ठहराव बढ़ाने की संभावनाएं भी बनेंगी।

    भारत के रेल मंत्रालय और नेपाल के पर्यटन क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञों का मानना है कि बेहतर रेल संपर्क से सीमावर्ती क्षेत्रों के नागरिकों को यात्रा का सरल विकल्प मिलेगा। दोनों देशों के बीच व्यापार, शिक्षा, पारिवारिक संबंधों और सामाजिक संपर्क को भी इसका लाभ मिल सकता है।

    आस्था के साथ सांस्कृतिक एकात्मता का नया अध्याय

    इस संबंध में अयोध्‍या हनुमान गढ़ी से जुड़े महंत श्री विरोट दास महाराज का कहना है कि भारतीय रेलवे की यह पहल परिवहन के पारंपरिक दायरे से आगे बढ़कर देश की सांस्कृतिक विरासत को जोड़ने का माध्यम बन रही है। अयोध्या से जनकपुर, चित्रकूट से पंचवटी और किष्किंधा से रामेश्वरम तक फैला रामायण का सांस्कृतिक भूगोल भारत की विविधता में एकता का जीवंत उदाहरण है। इस प्रयास से निश्‍चित ही भारत और नेपाल के हिन्‍दू भक्‍तगणों के लिए एक स्‍थान से दूसरे धार्मिक स्‍थलों पर जाने की बड़ी सुविधा मिलेगी, साथ ही धार्म‍िक, सामाजिक, आध्‍यात्‍मिक संबंधों में भी प्रगाढ़ता आएगी। वहीं इस तीर्थाटन से नए उद्योग खड़े होंगे, कई नए लोगों को रोजगार के अवसर भी सुलभ हो सकेंगे।

    Share:

  • सम्बंधित ख़बरें
    लेटेस्ट
    खरी-खरी
    का राशिफल
    जीवनशैली
    मनोरंजन
    अभी-अभी
  • Archives

  • ©2026 Agnibaan , All Rights Reserved