बॉलीवुड के युवा अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत सुसाइड मामले में मुंबई पुलिस की जांच जारी है। सुशांत सिंह राजपूत की मौत को एक महीने से ज्यादा हो गए है। पुलिस इस मामले में अब तक कई लोगों से पूछताछ की है। मुंबई पुलिस ने फिल्ममेकर महेश भट्ट के बाद अब धर्मा प्रोडक्शंस के सीईओ अपूर्व मेहता को समन भेजा है। धर्मा प्रोडक्शंस के मालिक करण जौहर हैं, जिन्हें इंडस्ट्री में नेपोटिज्म को बढ़ावा देने के लिए सोशल मीडिया पर सुशांत के फैंस के नाराजगी का सामना करना पड़ा है। अपूर्व मेहता का बयान बांद्रा पुलिस स्टेशन में दर्ज किया जाएगा। इससे पहले रविवार को फिल्म निर्माता महेश भट्ट को भी पुलिस ने बुलाया था। उन्हें सोमवार दोपहर को बांद्रा पुलिस स्टेशन में अपना बयान दर्ज करने के लिए कहा गया है।
इससे पहले फिल्म समीक्षक राजीव मसंद से भी बांद्रा पुलिस ने पूछताछ की थी। करण के अलावा महेश भट्ट को भी सोशल मीडिया पर टोलर्स का सामना करना पड़ा है। क्योंकि सुशांत की गर्लफ्रेंड रिया चक्रवर्ती को उनके करीब बताया जाता है। हाल में सुशांत की गर्लफ्रेंड रिया चक्रवर्ती ने गृहमंत्री अमित शाह से इस मामले की जांच सीबीआई से कराए जाने की मांग की है।
सुशांत सिंह राजपूत सुसाइड मामले में पुलिस ने कई लोगों से पूछताछ की है, जिसमें फिल्ममेकर संजय लीला भंसाली, यशराज फिल्म्स के पूर्व हेड आशीष सिंह, यशराज फिल्म्स के कास्टिंग डायरेक्टर शानू शर्मा, सुशांत की गर्लफ्रेंड रिया चक्रवर्ती, फिल्म दिल बेचारा की अभिनेत्री संजना सांघी, निर्देशक मुकेश छाबड़ा, उनके पिता, बहनें, करीबी दोस्त आदि शामिल हैं।
अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत इंडस्ट्री में सफल अभिनेताओं में से एक थे। 34 साल के सुशांत सिंह राजपूत ने अपने बांद्रा स्थित आवास में 14 जून को सुसाइड कर ली थी। सुशांत कुछ महीनों से डिप्रेशन में थे और उनका इलाज चल रहा था। पिछले काफी समय से लोगों से मिलना-जुलना कम कर दिया था। अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में आत्महत्या की पुष्टि हुई थी। रिपोर्ट में मौत की वजह दम घुटना बताया गया था। 15 जून को मुंबई में सुशांत सिंह राजपूत का अंतिम संस्कार हुआ था। सुशांत को अंतिम विदाई देने के लिए कई बॉलीवुड सेलिब्रिटीज भी वहां पहुंचे थे।
सुशांत सिंह राजपूत के करियर की पहली फिल्म ‘काई पो छे’ थी। सुशांत सिंह राजपूत ने फिल्म ‘छिछोरे’, ‘केदारनाथ’, ‘एमएस धोनी: द अनटोल्ड स्टोरी’, ‘शुद्ध देसी रोमांस’ और ‘डिटेक्टिव ब्योमकेश बख्शी’ जैसी कई फिल्मों में बेहतरीन एक्टिंग की थी।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved