
मशहद। ईरान (Iran) की सेपेहरान एयरलाइंस (Sepehran Airlines) के बोइंग (Boeing) 737 विमान (Flight) में उड़ान भरने के कुछ ही समय बाद टायर निकलने और इंजन में खराबी के कारण जोरदार कंपन शुरू हो गया। केबिन की छत टूट गई और सामान गिरने लगा जिससे यात्री घबरा गए। विमान ने आपातकालीन लैंडिंग (Emergency Landing) की और सभी यात्री सुरक्षित रहे।
यह घटना मंगलवार को हुई। विमान मशहद से करमांशाह जा रहा था। टेकऑफ के तुरंत बाद एक पहिए का टायर निकल गया, जिससे इंजन में समस्या आई और विमान जोर-जोर से कांपने लगा। पायलट ने यात्रियों को इंजन की समस्या की जानकारी दी और विमान को वापस मशहद एयरपोर्ट की ओर मोड़ दिया।
तेज कंपन से केबिन की छत के कुछ हिस्से और ओवरहेड कंपार्टमेंट क्षतिग्रस्त हो गए। सामान के बॉक्स खुल गए और यात्रियों का सामान गिरने लगा। कुछ सामान यात्रियों पर भी गिरा। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में यात्री डर से चिल्लाते और प्रार्थना करते दिख रहे हैं।
विमान सुरक्षित रूप से मशहद एयरपोर्ट पर लैंड हो गया। प्रारंभिक रिपोर्ट्स के अनुसार कोई यात्री घायल नहीं हुआ। यह सेपेहरान एयरलाइंस के विमान से मशहद एयरपोर्ट पर हाल का दूसरा घटनाक्रम बताया जा रहा है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved