img-fluid

मलेशिया ने भारतीयों के लिए खत्म की वीजा-मुक्त एंट्री, 1 जनवरी से लागू होंगे नए नियम

November 20, 2026

नई दिल्‍ली। विदेश यात्रा (Travel Abroad) की योजना बना रहे भारतीयों के लिए मलेशिया से जुड़ी अहम खबर है। मलेशिया (Malaysia) ने भारतीय नागरिकों (Indian citizens) को मिलने वाली वीजा-मुक्त प्रवेश सुविधा समाप्त करने का फैसला किया है। 1 जनवरी 2027 से मलेशिया जाने वाले भारतीय यात्रियों को यात्रा से पहले वैध वीजा लेना अनिवार्य होगा। इसके लिए 1 दिसंबर 2026 से ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू होगी। नए नियमों के तहत वीजा आवेदन शुल्क वापस नहीं किया जाएगा, भले ही आवेदन में गलती हो, वीजा खारिज हो जाए या यात्रा की योजना बदल जाए।

30 दिन की वीजा छूट होगी समाप्त

मलेशिया के इमिग्रेशन विभाग (जेआईएम) ने 17 नवंबर को जारी नोटिस में नए नियमों की जानकारी दी है। अब तक भारतीय नागरिकों को मलेशिया में 30 दिन तक वीजा के बिना प्रवेश की सुविधा मिल रही थी। इसके लिए यात्रियों को यात्रा से तीन दिन पहले मलेशिया डिजिटल अराइवल कार्ड (एमडीएसी) भरना होता था।

यह सुविधा 1 दिसंबर 2023 से शुरू हुई थी, जिसे बाद में 2026 के अंत तक बढ़ा दिया गया था। अब 1 जनवरी 2027 से वीजा छूट समाप्त होने के बाद भारतीय यात्रियों को यात्रा से पहले वीजा प्रक्रिया पूरी करनी होगी। इससे पर्यटन के साथ कारोबारी यात्राओं पर जाने वाले भारतीयों को भी अतिरिक्त तैयारी करनी पड़ेगी।



  • आवेदन में गलती हुई तो नहीं मिलेगी फीस

    नए नियमों के अनुसार, भारतीय नागरिक 1 दिसंबर 2026 से मलेशिया के ‘MyVISA’ पोर्टल के माध्यम से वीजा आवेदन कर सकेंगे। विभाग ने स्पष्ट किया है कि वीजा प्रक्रिया के लिए जमा शुल्क गैर-वापसी योग्य होगा। आवेदन निरस्त होने, दस्तावेज अधूरे होने, जानकारी में त्रुटि, यात्रा कार्यक्रम बदलने या नीतिगत बदलाव की स्थिति में भी शुल्क वापस नहीं किया जाएगा।

    ऐसे में यात्रियों को आवेदन जमा करने से पहले सभी जानकारियों और दस्तावेजों की अच्छी तरह जांच करने की सलाह दी गई है। इमिग्रेशन विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि सरकार के निर्देशों के अनुसार प्रवेश संबंधी नियमों में बदलाव किया जा सकता है। इसलिए यात्रा से पहले नवीनतम दिशा-निर्देशों की जानकारी लेना जरूरी होगा।

    फर्जी नौकरी के मामलों के बाद सख्ती

    वीजा-मुक्त प्रवेश सुविधा समाप्त करने का फैसला ऐसे समय में आया है, जब मलेशिया में अवैध रूप से नौकरी तलाशने और फर्जी एजेंटों के जरिए लोगों को विदेश भेजने के मामलों को लेकर चिंता जताई जा रही है। सितंबर में कुआलालंपुर स्थित भारतीय उच्चायोग ने मलेशिया जाने वाले भारतीय नागरिकों के लिए एडवाइजरी जारी की थी।

    उच्चायोग ने बताया था कि फर्जी नौकरी के वादों और एजेंटों के झांसे में आकर मलेशिया पहुंचने वाले भारतीयों की संख्या बढ़ रही है। स्पष्ट किया गया था कि 30 दिन की वीजा-मुक्त सुविधा केवल पर्यटन और सामाजिक मुलाकातों के लिए थी। इसके तहत नौकरी तलाशने या काम करने की अनुमति नहीं थी। नियमों की अनदेखी करने वाले भारतीयों को कानूनी और आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।

    यात्रियों को मेडिकल इंश्योरेंस की सलाह

    मलेशिया के इमिग्रेशन विभाग ने यात्रियों को प्रवास की पूरी अवधि के लिए ट्रैवल मेडिकल इंश्योरेंस कराने की सलाह दी है। वहां विदेशी नागरिकों को चिकित्सा सेवाओं का खर्च स्वयं उठाना पड़ता है। बीमारी, दुर्घटना या अस्पताल में भर्ती होने की स्थिति में इलाज का खर्च काफी अधिक हो सकता है। ऐसे में मेडिकल इंश्योरेंस यात्रियों को आर्थिक जोखिम से बचाने में मददगार होगा।

    भारतीय यात्रियों की बढ़ेगी तैयारी

    मलेशिया भारतीय पर्यटकों के पसंदीदा विदेशी पर्यटन स्थलों में शामिल है। कम खर्च, कम दूरी और आसान प्रवेश प्रक्रिया के कारण बड़ी संख्या में भारतीय वहां घूमने जाते हैं। लेकिन 1 जनवरी 2027 से वीजा-मुक्त प्रवेश सुविधा समाप्त होने के बाद यात्रियों को पहले से आवेदन करना होगा और यात्रा की योजना अधिक सावधानी से बनानी होगी।

    जो भारतीय नए साल में मलेशिया जाने की तैयारी कर रहे हैं, उन्हें यात्रा की तारीख के अनुसार वीजा नियमों की जानकारी लेकर समय पर आवेदन करना होगा। साथ ही फर्जी एजेंटों और नौकरी दिलाने के झूठे दावों से बचने, दस्तावेजों की जांच करने तथा मेडिकल इंश्योरेंस कराने पर भी ध्यान देना होगा।

    Share:

  • सम्बंधित ख़बरें
    लेटेस्ट
    खरी-खरी
    का राशिफल
    जीवनशैली
    मनोरंजन
    अभी-अभी
  • Archives

  • ©2026 Agnibaan , All Rights Reserved