नई दिल्ली। मनु सिंघवी (Abhishek Manu Singhvi) को भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस (Indian National Congress) ने हाल ही में तेलंगाना (Telangana) से राज्यसभा चुनाव के लिए उम्मीदवार बनाया है। नामांकन दाखिल करने के बाद उनके हलफनामे में दी गई संपत्ति का ब्यौरा सामने आया है, जिसने राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज कर दी है।
हलफनामे के अनुसार सिंघवी, उनकी पत्नी और उनके हिंदू अविभाजित परिवार (HUF) की कुल संपत्ति का मौजूदा बाजार मूल्य करीब 2,558 करोड़ रुपये है। वरिष्ठ अधिवक्ता ने अपनी आय, देनदारियों और निवेश से जुड़ी विस्तृत जानकारी भी चुनाव आयोग को सौंपी है।
हर साल सैकड़ों करोड़ की आय
कानूनी वेबसाइट Bar and Bench की रिपोर्ट के मुताबिक, वित्तीय वर्ष 2024-25 में सिंघवी की घोषित आय 374 करोड़ रुपये से अधिक रही। इससे पहले 2023-24 में 333 करोड़, 2022-23 में 359 करोड़, 2021-22 में 290 करोड़ और 2020-21 में 158 करोड़ रुपये की आय दर्ज की गई थी। इस तरह औसतन उनकी सालाना कमाई करीब 300 करोड़ रुपये के आसपास बताई गई है।
पत्नी के पास 150 करोड़ से ज्यादा के गहने
हलफनामे में परिवार की चल संपत्तियों का भी उल्लेख है, जिसमें बैंक डिपॉजिट, शेयर, म्यूचुअल फंड निवेश, वाहन और कीमती सामान शामिल हैं। दस्तावेज के मुताबिक सिंघवी के पास करीब 2.40 करोड़ रुपये के गहने हैं, जबकि उनकी पत्नी के नाम 157.53 करोड़ रुपये की ज्वेलरी दर्ज है। इसके अलावा उनके पास 25 करोड़ रुपये से अधिक कीमत की पेंटिंग और आर्टवर्क भी बताए गए हैं।
दस्तावेज में यह भी बताया गया है कि सिंघवी ने विभिन्न संस्थाओं को 353.32 करोड़ रुपये के पर्सनल लोन दिए हैं। वहीं उनकी पत्नी ने अलग-अलग कंपनियों को करीब 72.99 करोड़ रुपये उधार दिए हैं।
घर-ऑफिस के सामान तक का ब्योरा
हलफनामे में “अन्य फिक्स्ड एसेट्स” के तहत घर और कार्यालय में इस्तेमाल होने वाले सामान का भी उल्लेख किया गया है। इसमें एयर कंडीशनर, फर्नीचर, किचन उपकरण, कंप्यूटर और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान शामिल हैं। दिलचस्प बात यह है कि सूची में एक कंप्यूटर की कीमत 163 रुपये दर्ज की गई है।
इसके साथ ही दस्तावेज के अनुसार सिंघवी पर 63 करोड़ रुपये से अधिक का आयकर बकाया भी दर्ज है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved