रायगढ़ ! महाराष्ट्र के रायगढ़ (Raigad, Maharashtra) जिले के महाड MIDC क्षेत्र में सोमवार को एक कंपनी में जोरदार धमाका होने से अफरा-तफरी मच गई। धमाके के बाद कंपनी परिसर में आग लग गई और चारों तरफ धुआं फैल गया। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, सिनर्जिया केम इंडस्ट्रीज (Synergia Chem Industries) में रिएक्टर की पाइप फटने के बाद यह हादसा हुआ। धमाका इतना तेज था कि इसके झटके करीब चार किलोमीटर दूर तक महसूस किए गए।
हादसे में तीन लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। इनमें कुछ लोगों के गंभीर रूप से घायल होने की भी खबर है। हालांकि, घायलों की स्थिति को लेकर फिलहाल विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।
धमाके और आग की सूचना मिलते ही महाड नगर परिषद और MIDC की दमकल टीमें मौके पर पहुंच गईं। दमकलकर्मी कंपनी में लगी आग पर काबू पाने में जुटे हैं। घटनास्थल पर एंबुलेंस भी पहुंचाई गई है। पुलिस और प्रशासन की टीमें भी मौके पर मौजूद हैं तथा राहत एवं बचाव कार्य जारी है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कंपनी में रिएक्टर की पाइप फटने के बाद जोरदार धमाका हुआ और इसके बाद आग लग गई। हालांकि, हादसे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं है। प्रशासन और संबंधित टीमें घटनास्थल की जांच कर हादसे के कारणों की जानकारी जुटा रही हैं।
फिलहाल प्राथमिकता आग पर पूरी तरह काबू पाने और घायलों को उपचार उपलब्ध कराने की है। हादसे में घायल तीन लोगों की स्थिति और घटना से हुए नुकसान की विस्तृत जानकारी प्रशासन की जांच के बाद सामने आने की उम्मीद है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved