मुंबई। महाराष्ट्र (Maharashtra) के चंद्रापुर (Chandrapur) में सामने आए चर्चित ‘मिल्कशेक मर्डर’ (The Milkshake Murder) केस का तीन साल बाद खुलासा हुआ है। आरोप है कि एक पुलिसकर्मी बेटी ने ही अपने हेड कॉन्स्टेबल पिता (Head Constable father) को दूध में जहर मिलाकर मार दिया। घटना 24 अप्रैल 2023 की बताई जा रही है, जिसे उस समय सामान्य मौत मान लिया गया था।
जानकारी के अनुसार हेड कॉन्स्टेबल जयंत बल्लावर ड्यूटी पर जाने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान उनकी बेटी आर्या बल्लावर ने कथित तौर पर जहर मिला मिल्कशेक पिला दिया। मिल्कशेक पीने के बाद वह जिला मजिस्ट्रेट कार्यालय पहुंचे, जहां अचानक चक्कर आने से गिर पड़े और उनकी मौत हो गई। उस समय पोस्टमार्टम नहीं कराया गया और मामला बंद कर दिया गया।
रिश्ते का विरोध बना हत्या की वजह
बताया जा रहा है कि आर्या बल्लावर का आशीष शेडमाके से 2022 से संबंध था, जिसका पिता विरोध कर रहे थे। आरोप है कि पिता को रास्ते से हटाने के लिए साजिश रची गई। इसमें चचेरे भाई चैतन्य गेडम और एक अन्य व्यक्ति की मदद से जहर की व्यवस्था की गई।
मौत के बाद आर्या और आशीष ने शादी कर ली, लेकिन दोनों के बीच जल्द ही विवाद शुरू हो गए। रहन-सहन और अन्य बातों को लेकर तनाव बढ़ा तो मार्च 2026 में आशीष शेडमाके ने थाने पहुंचकर कथित कबूलनामा दे दिया।
आशीष के बयान के आधार पर पुलिस ने केस दोबारा खोला और जांच में हत्या की साजिश सामने आई। पुलिस ने आर्या बल्लावर, आशीष शेडमाके, चैतन्य गेडम और जहर सप्लाई करने वाले एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
चारों आरोपी फिलहाल हिरासत में हैं और मामले की विस्तृत जांच जारी है। यह मामला परिवारिक रिश्तों में टकराव और विश्वासघात की गंभीर मिसाल के रूप में सामने आया है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved