
नई दिल्ली: मोदी ने 26 मई को प्रधानमंत्री के रूप में अपने कार्यकाल के 12 वर्ष पूरे किए थे और बुधवार (10 जून 2026) को उन्होंने देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में सबसे लंबे निरंतर कार्यकाल के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया. भारतीय जनता पार्टी ने एक विशेष गीत जारी किया है. इस गीत को भाजपा सांसद अनिल बलूनी ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा किया. गीत में पिछले 12 वर्षों के दौरान हुए विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं और ‘विकसित भारत’ के संकल्प को प्रमुखता से प्रस्तुत किया गया है.
गीत की शुरुआत बच्चों की आवाज में प्रधानमंत्री से एक भावनात्मक अपील के साथ होती है-“मोदी जी, मोदी जी सुन लेना, हमें विकसित भारत दे देना.” इसके माध्यम से देश के भविष्य और नई पीढ़ी की आकांक्षाओं को सामने लाने का प्रयास किया गया है. गीत में कहा गया है कि सरकार ने बीते वर्षों में अनेक महत्वपूर्ण कार्य किए हैं और अब देश को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का समय है.
गीत का केंद्रीय संदेश ‘12 साल विश्वास के, 12 साल विकास के, 12 साल सबकी खुशियों के, भारत के सम्मान के’ है. इसके माध्यम से भाजपा सरकार के कार्यकाल को जनविश्वास और विकास की यात्रा के रूप में प्रस्तुत किया गया है.
गीत के बोलों में ग्रामीण भारत में हुए बदलावों का भी उल्लेख है. इसमें पक्के घर, हर घर नल से जल, गांवों तक पहुंची सड़कें और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार को विकास की उपलब्धियों के रूप में दर्शाया गया है. “पक्का घर है, नल का पानी, रोशन-रोशन हर देहरी, नई सड़क है नई कहानी” जैसी पंक्तियों के जरिए सरकारी योजनाओं के प्रभाव को रेखांकित किया गया है.
गीत में किसानों, महिलाओं और बच्चों के जीवन में आए बदलावों का भी जिक्र है. “खेतों में फिर हरियाली”, “मां की आंखों में उम्मीदें”, और “बेटी को मिली है खुशहाली” जैसे शब्द सामाजिक और आर्थिक सशक्तीकरण के संदेश को सामने रखते हैं. वहीं, रेल और मोबाइल कनेक्टिविटी के विस्तार को आधुनिक भारत की पहचान के रूप में प्रस्तुत किया गया है. गीत में कहा गया है कि रेल नेटवर्क और डिजिटल क्रांति ने दूरियों को कम कर दिया है तथा लोगों के जीवन को अधिक सुविधाजनक बनाया है.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved