देश

दौड़ने लगा मानसून, आज ये इलाके भीगेंगे, यूपी को थोड़ा सा इंतजार, यहां जारी रहेगा लू का दौर


नई दिल्ली। देश में वर्षाकाल का आगाज हो चुका है। केरल में एक जून के तय समय की बजाए तीन दिन पहले 29 मई को दस्तक देने के बाद कुछ दिन सुस्त रहा मानसून अब दौड़ रहा है। इसके असर से देश के कई राज्य भीग चुके हैं, तो कुछ अगले 24 घंटे में भीगने जा रहे हैं। दिल्ली, हरियाणा, यूपी, झारखंड समेत कुछ राज्यों में मानसून की फुहारें जल्द पड़ने वाली हैं, लेकिन तब तक गर्मी व लू का कहर जारी रहेगा।

यूपी वासियों के लिए राहत भरी खबर है। इस बार प्री-मानसून के बजाय सीधे मानसूनी बौछारें पड़ने की संभावना है। मौसमविदों का कहना है कि इस बार तय समय से पहले मानसून के सक्रिय होने की प्रबल संभावना है। यह भी कहा जा रहा है कि यदि सब कुछ अनुमानों के अनुसार हुआ तो संभव है कि 15 से लेकर 20 जून तक होने वाली बारिश को प्री-मानसून की जगह मानसूनी बारिश घोषित कर दिया जाए।


यूपी में चार-पांच दिन पहले दस्तक
वरिष्ठ भू-वैज्ञानिक डॉ. सीएम नौटियाल के अनुसार अनुमान था कि उत्तर प्रदेश में मानसून 19-20 जून तक दक्षिण-पूर्वी छोर को छुएगा, लेकिन मुंबई में गुरुवार से बरसात शुरू हो गई। इतना ही नहीं अगले 24 घंटे में 4 से 6 सेंटीमीटर वर्षा भी हो गई। इससे ये संकेत मिला है कि मानसून समय से पहले दस्तक दे सकता है। अर्थात पूर्व घोषित 20 जून से 4-5 दिन पहले ही मानसून के उत्तर प्रदेश में प्रवेश करने के पूरे आसार हैं।

राजस्थान में होगी बारिश
मौसम विभाग के अनुसार राजस्थान में अगले 2-3 दिनों तक बारिश की संभावना है। इससे पारा भी गिरेगा। आज जयपुर में न्यूनतम तापमान 30 डिग्री और अधिकतम तापमान 40 डिग्री रिकॉर्ड किया जा सकता है। गर्मी और लू के थपेड़ों से जूझ रहे दिल्ली वासियों को 16 जून से राहत मिल सकती है।

यहां आज भी चलेगी लू
यूपी में 15 जून से मौसम में बदलाव के आसार नजर आ रहे हैं, लेकिन तब तक 43 डिग्री की गर्मी व लू की मार सहना होगी निजी मौसम एजेंसी स्काईमेट के अनुसार हिमाचल प्रदेश, पूर्वी उत्तर प्रदेश, उत्तरी राजस्थान, हरियाणा, दिल्ली, झारखंड, पूर्वी मध्य प्रदेश, पंजाब और उत्तराखंड में एक या दो स्थानों पर लू चलने की संभावना है।

Share:

Next Post

भाजपा की बैठक में निगमकर्मी 4 नंबर विधानसभा में बवाल

Mon Jun 13 , 2022
कांग्रेस ने लगाया निगम कर्मचारियों से काम करवाने का आरोप इंदौर। भाजपा (BJP) की बैठक में मंडल अध्यक्ष के साथ एक निगमकर्मी (Nigam Worker) के शामिल होने के मामले में 4 नंबर के कांग्रेसी और भाजपाई आमने-सामने हो गए। कांग्रेस जहां निगमकर्मियों से चुनाव में काम करवाने का आरोप लगा रही है, वहीं भाजपा का […]