बड़ी खबर मध्‍यप्रदेश

नई आबकारी नीति में शराब पीने पर लगाया है नैतिक प्रतिबंध: मुख्यमंत्री चौहान

– पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने किया नई शराब नीति लाने पर मुख्यमंत्री शिवराज का अभिनंदन

भोपाल (Bhopal)। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान (Chief Minister Shivraj Singh Chouhan) ने कहा कि जन-कल्याण और विकास कार्यों के लिए पैसे की कोई कमी नहीं है। नई आबकारी नीति (new excise policy) में शराब पीने पर नैतिक प्रतिबंध (moral prohibition on drinking alcohol) लगाया गया है। सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने पर रोक लगाई गई है। दुर्घटनाएँ रोकने और समाज-सुधार की दृष्टि से यह बड़ा कदम है।

मुख्यमंत्री चौहान शनिवार शाम को रवीन्द्र भवन में प्रदेश की मातृ शक्ति के सम्मान, सुरक्षा एवं हितों के अनुरूप आबकारी नीति लाने पर अपने अभिनंदन समारोह’ को संबोधित कर रहे थे। समारोह में मुख्यमंत्री चौहान का पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने अंगवस्त्र पहना, पुष्प-वर्षा और अभिनंदन-पत्र भेंट कर स्वागत किया। समारोह माता, बेटी, बाई स्मृति शिक्षण समिति द्वारा किया गया।


मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि उमा भारती को मैं माँ, बहन, बेटी और मित्र के रूप में देखता हूँ। दीदी को कभी निराश नहीं करूँगा। माता-बहनों और बेटियों पर अत्याचार के खिलाफ मैंने और दीदी ने मिलकर कार्य किया है। इसी का परिणाम लाड़ली लक्ष्मी और मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना है। योजना से बहनों के खाते में एक-एक हजार रुपये प्रतिमाह अंतरित किये जाएंगे।

उन्होंने कहा कि मैं वर्षों से उमा दीदी के साथ काम करता आया हूँ। दीदी जगत-कल्याण के लिए कार्य करती हैं। वे अन्याय कभी सहन नहीं करती हैं। समाज-सुधारक हैं। नशा मुक्ति, गाय की रक्षा और जैविक खेती को बढ़ावा देने के लिए लगातार काम कर रही हैं। सरस्वती उनके कंठ में विराजमान हैं। मैं दीदी के सुझावों पर हमेशा कार्य करूँगा। दीदी का आशीर्वाद अच्छे कार्यों के लिए मुझे सदैव मिलता रहा है और आगे भी मिलता रहेगा। उनकी प्रेरणा से ही मैं यह कार्य कर पाया हूँ। बेटी और बहन के कल्याण के लिए बेहतर से बेहतर कार्य किये जाएंगे।

मुख्यमंत्री ने नई आबकारी नीति लाकर ऐतिहासिक कार्य किया : उमा भारती
उमा भारती ने कहा कि मुख्यमंत्री चौहान (Chief Minister Shivraj Singh Chouhan) ने नई आबकारी नीति लाकर ऐतिहासिक कार्य किया है। इसके लिये उन्होंने मुख्यमंत्री को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि नई नीति से मैं बहुत खुश हूँ। मुझे आत्मसंतोष है। मुख्यमंत्री ने मेरे मन की कामना पूरी की है। ऐसी आबकारी नीति भारत के किसी भी राज्य में नहीं है। नई नीति में अहाते बंद करने का सराहनीय कार्य किया गया है। नई नीति में शराब पीकर वाहन नहीं चला सकते हैं और न ही सड़क पर चल सकते हैं। यह नीति ऐसे हालात पैदा कर देगी कि लोग शराब छोड़ने के लिए मजबूर हो जायेंगे। समाज की मर्यादा रखने में यह नीति मील का पत्थर साबित होगी।

उन्होंने कहा कि नीति का पालन कराना प्रशासन के साथ जन-प्रतिनिधियों की भी बड़ी जिम्मेदारी है। कृषि के मामले में मध्यप्रदेश पंजाब और हरियाणा से भी आगे निकल गया है। गौ-माता की रक्षा के लिए जैविक खेती कारगर होगी।

सांसद वीडी शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय के विचार पर आगे बढ़ने का कार्य कर रही है। नई आबकारी नीति से सामाजिक परिवर्तन का मार्ग प्रशस्त होगा। मुख्यमंत्री चौहान ने कुशल मार्गदर्शन में यह कार्य संभव हो पाया है। प्रदेश को समृद्धशाली बनाने के लिए कोई कमी नहीं छोड़ी जा रही है। केन-बेतवा लिंक परियोजना प्रदेश के विकास में महत्वपूर्ण सिद्ध होगी। इसमें प्रधानमंत्री मोदी, मुख्यमंत्री चौहान और पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती का अहम योगदान है। (एजेंसी, हि.स.)

Share:

Next Post

रविवार का राशिफल

Sun Mar 12 , 2023
युगाब्ध-5124, विक्रम संवत 2079, राष्ट्रीय शक संवत-1944 सूर्योदय 06.34, सूर्यास्त 06.10, ऋतु – ग्रीष्म चैत्र कृष्ण पक्ष पंचमी, रविवार, 12 मार्च 2023 का दिन आपके लिए कैसा रहेगा। आज आपके जीवन में क्या-क्या परिवर्तन हो सकता है, आज आपके सितारे क्या कहते हैं, यह जानने के लिए पढ़ें आज का भविष्यफल।   मेष राशि :- […]