बड़ी खबर

भारत में अब तक 87 लाख से अधिक लोग कोरोना से मुक्‍त

नयी दिल्ली । देश (INDIA) में कोरोना वायरस (COVID-19) से 33 हजार से अधिक लोगों के स्वस्थ होने के साथ इससे निजात पाने वालों की संख्या 87.11 लाख के पार पहुंच गयी। देश में रिकवरी दर 93 से अधिक हो गयी है। लेकिन परेशानी का सबब यह है कि इस दौरान स्वस्थ होने वालों की तुलना में नए मामलों की संख्या अधिक रही जिससे सक्रिय मामलों में बढ़ोतरी हुई है।
देश में गुरुवार रात तक 39580 नए मामले सामने आने के बाद संक्रमितों की संख्या 93.06 के पार पहुंच गयी। इसके साथ ही सक्रिय मामलों की संख्या 4.56 लाख से अधिक हो गयी है। कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच चिंता की बात यह है कि नये मामलों की तुलना में स्वस्थ लोगों की संख्या में कमी आने से रिकवरी दर में आंशिक गिरावट दर्ज की गयी और यह 93.61 फीसदी रह गयी है। सक्रिय मामलों की दर 4.90 प्रतिशत जबकि मृत्यु दर भी महज 1.46 फीसदी पर बनी हुई है।

महाराष्ट्र कोराना के संक्रमित, सक्रिय और रिकवरी तीनों मामलों में शीर्ष पर है। पिछले 24 घंटों के दौरान संक्रमण के 6,406 नये मामले सामने आने से संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 18 लाख के पार 18,02,365 पहुंच गयी। इस महामारी से 4,815 और मरीजों के स्वस्थ होने से इससे निजात पाने वालों की संख्या 16,68,538 हो गयी है तथा 65 और मरीजों की मौत होने से मृतकों का आंकड़ा 46,813 हो गया है। जबकि सक्रिय मामलों की संख्या बढ़ कर अब तक 85,963 पहुंच गयी है।

राजधानी दिल्ली में कोरोना वायरस का प्रकोप दिन प्रतिदिन बढ़ता ही जा रहा है और पिछले 24 घंटों के दौरान 5,475 नये मामले सामने आने के बाद संक्रमितों की संख्या 5.51 लाख से अधिक हो गयी लेकिन राहत की बात यह है कि स्वस्थ मरीजों की संख्या भी 5.03 के पार पहुंच गयी है। प्रदेश में सक्रिय मामलों की संख्या 38,734 हो गयी है जबकि मृतकों का आंकड़ा 8811 हो गया है।

कर्नाटक में पिछले 24 घंटो के दौरान सक्रिय मामलों में 407 की वृद्धि होने के साथ इनकी संख्या बढ़कर 25,316 पहुंच गयी। जो चिंता की बात है। राज्य में 1505 नए माामलों के बढ़ने के साथ इनकी कुल संख्या 8,79,560 हो गयी है। इस दौरान 1,067 और मरीजों के स्वस्थ होने से रोग मुक्त लोगों की संख्या बढ़कर 8,42,499 हो गयी है। इसी अवधि में 12 और लोगों की मौत होने से मृतकों का आंकड़ा 11,726 हो गया है।

आंध्र प्रदेश में आज संक्रमितों की संख्या बढ़कर 8,65,705 हो गयी। राज्य में आठ और लोगों की मौत से मृतकों की संख्या 6,970 हो गयी है। राज्य में संक्रमितों की तुलना में रोगमुक्त होने वालों की संख्या में वृद्धि दर्ज की गयी। इस दौरान 1,081 और मरीजों के स्वस्थ होने से संक्रमण मुक्त होने वालों की संख्या बढ़कर 8,46,120 हो गयी है। राज्य में रिवकरी दर 97.73 फीसदी पहुंच गयी।

तमिलनाडु में पिछले 24 घंटों के दौरान कोरोना से संक्रमित 1,464 नए मामले सामने आने के बाद संक्रमितों की कुल संख्या गुरुवार को 7.76 लाख के पार पहुंच गयी लेकिन राहत की बात यह है कि मरीजों के स्वस्थ होने की दर भी बढ़कर 97 फीसदी के पार पहुंच गयी है। इस अवधि में कोरोना के संक्रमण से 14 और मरीजों की जान चली गयी जिससे मृतकों का आंकड़ा बढ़कर 11,669 हो गया। इस दौरान राज्य में 1,797 और मरीजों के स्वस्थ होने से संक्रमण से मुक्त होने वालों की संख्या बढ़कर 7,53,332 हो गयी। राज्य में रिकवरी दर 97.05 फीसदी हो गयी है।

केरल में आज नये मामलों की तुलना में स्वस्थ होने वालों की संख्या अधिक रही और सक्रिय मामलों में कमी आयी है। राज्य में पिछले 24 घंटों के दौरान 5,378 नये मामले सामने आने से संक्रमितों की संख्या 5,83,742 पहुंच गयी, लेकिन राहत की बात यह है कि सक्रिय मामलों में फिर से गिरावट दर्ज की गयी है जो घट कर 64,497 रह गये। राज्य में इस दौरान 5,970 और मरीजों के स्वस्थ होने से रोग मुक्त लोगों की संख्या 5,16,978 हो गयी है। मृतकों की संख्या बढ़कर 2,149 हो गयी है।

उल्‍लेखनीय है कि कोरोना संक्रमण के मामले में भारत दुनियाभर में अमेरिका के बाद दूसरे स्थान पर है। अमेरिका में संक्रमितों की कुल संख्या करीब 1.28 करोड हो गयी है। भारत हालांकि अमेरिका से अभी भी 38.86 लाख मामले पीछे चल रहा है।

Share:

Next Post

समुद्र में कुछ इस तरह एन्जॉय कर रही है सोनाक्षी सिन्हा

Fri Nov 27 , 2020
मनोरंजन जगत से जुड़ी कई हस्तियों ने हाल में मालदीव में छुट्टियां इंजॉय की है। इस कड़ी में अब एक और नाम जुड़ गया है बॉलीवुड की रज्जो यानी सोनाक्षी सिन्हा का। सोनाक्षी सिन्हा इन दिनों मालदीव में छुट्टियां इंजॉय कर रही है और हाल ही में उन्होंने अपने मालदीव वेकेशन की एक तस्वीर सोशल […]