
नई दिल्ली । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Prime Minister Narendra Modi) ने कहा कि संपदा प्रबंधन योजना जारी रहेगी (Asset Management Plan will Continue) ।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय कैबिनेट ने संपदा प्रबंधन योजना को जारी रखने की अनुमति दे दी है। इसके लिए 1,491 करोड़ रुपए का बजट भी आवंटित किया है। इस मंजूरी के बाद यह योजना अब 16वें वित्त आयोग के चक्र वित्त वर्ष 2026-27 से वित्त वर्ष 2030-31 तक जारी रहेगी। इस योजना का उद्देश्य डाक विभाग के बुनियादी ढांचे में व्यापक बदलाव लाना और उसे आधुनिक बनाना है। इसमें डाकघरों और आवासीय कॉलोनियों के निर्माण, पुनर्निर्माण, नवीनीकरण और एक समान ब्रांडिंग पर विशेष जोर दिया गया है, साथ ही भारत की ऐतिहासिक डाक इमारतों के संरक्षण पर भी ध्यान केंद्रित किया गया है। यह आधुनिकीकरण रणनीति ‘फर्स्ट-माइल डिलीवरी’ को सीधे तौर पर बढ़ावा देती है, वित्तीय समावेशन को प्रोत्साहित करती है और पूरे देश में नागरिकों के लिए सेवा वितरण को बेहतर बनाती है। यह ‘डिजिटल इंडिया’, ‘आत्मनिर्भर भारत’ और ‘विकसित भारत’ के व्यापक दृष्टिकोण के अनुरूप है।

कैबिनेट द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक, इस स्कीम के तहत आवंटित राशि में से 280 करोड़ रुपए से वर्तमान में किराए पर ली गई जगहों को हटाने और किराए के बोझ को खत्म करने के लिए, खाली विभागीय भूखंडों पर 190 विभागीय डाक भवन निर्माण किया जाएगा, वहीं 108 करोड़ रुपए से री-कंस्ट्रक्शन किया जाएगा। इसमें दीर्घकालिक संरचनात्मक सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए 50 जर्जर विभागीय डाक ढांचों को गिराकर उनका पुनर्निर्माण करना शामिल है। इसके अलावा, 318 करोड़ रुपए नवीनीकरण और ब्रांडिंग पर खर्च किए जाएंगे, जिसमें एसपीए दिशानिर्देशों के अनुसार, 2,550 विभागीय उप-डाकघरों का उन्नयन करना और उनमें एक समान ब्रांडिंग को लागू किया जाएगा। इसकी स्कीम के तहत कर्मचारियों के कल्याण और संतुष्टि को बढ़ाने के लिए अधिक मांग वाली 150 डाक आवासीय कॉलोनियों का कायाकल्प भी किया जाएगा, जिस पर 357.50 करोड़ रुपए खर्च होंगे। बाकी बकाया राशि एकीकृत प्रौद्योगिकी केंद्र, किराये के डाकघरों के उन्नयन,विरासत संरक्षण और अन्य कार्यों पर खर्च किए जाएंगे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता वाली आर्थिक मामलों की मंत्रिमंडलीय समिति (सीसीईए) ने बुधवार को असम के सिलचर के निकट डोलू में एक नए ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट के निर्माण को मंजूरी दे दी। एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एएआई) द्वारा विकसित की जाने वाली इस परियोजना की अनुमानित लागत 2,014 करोड़ रुपये होगी। एक आधिकारिक बयान के अनुसार, इस परियोजना का उद्देश्य मौजूदा सिलचर हवाईअड्डे पर मौजूद परिचालन और भूमि संबंधी सीमाओं को दूर करना तथा क्षेत्र में तेजी से बढ़ रही हवाई यात्रा की मांग को पूरा करना है। वर्तमान सिलचर हवाईअड्डा रक्षा भूमि से घिरे एक सिविल एन्क्लेव के रूप में संचालित होता है, जिसके विस्तार की सीमित संभावनाएं हैं। कछार जिले में स्थित डोलू को बराक घाटी का रणनीतिक केंद्र माना जाता है, जो अपने चाय बागानों, कृषि आधारित उद्योगों और इको-टूरिज्म तथा सांस्कृतिक पर्यटन की संभावनाओं के लिए जाना जाता है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने बुधवार को “स्कीम फॉर एन्हांसमेंट ऑफ कंस्ट्रक्शन एंड इंफ्रास्ट्रक्चर इक्विपमेंट (सीआईई) मैन्युफैक्चरिंग इकोसिस्टम” को मंजूरी दे दी। 11,000 करोड़ रुपए के वित्तीय प्रावधान वाली इस योजना का उद्देश्य भारत में निर्माण और अवसंरचना उपकरणों के घरेलू विनिर्माण को बढ़ावा देना तथा आत्मनिर्भर भारत अभियान को मजबूती प्रदान करना है। केंद्रीय मंत्रिमंडल के एक बयान के अनुसार, इस योजना को भारी उद्योग मंत्रालय (एमएचआई) द्वारा लागू किया जाएगा। इसका उद्देश्य निर्माण एवं अवसंरचना उपकरणों (कंस्ट्रक्शन एंड इंफ्रास्ट्रक्चर इक्यूपमेंट-सीआईई) और उनके कंपोनेंट्स के घरेलू उत्पादन को प्रोत्साहित करना तथा देश में एक समर्पित परीक्षण सुविधा स्थापित करना है। इससे भारत की आत्मनिर्भरता बढ़ेगी और वैश्विक सीआईई बाजार में उसकी स्थिति मजबूत होगी। यह योजना वित्त वर्ष 2026-27 से आठ वर्षों के लिए लागू होगी, जिसमें पहले दो वर्ष (2026-27 से 2027-28) विनिर्माण इकाइयों की स्थापना के लिए होंगे। इसके बाद पांच वर्षों (2028-29 से 2032-33) तक प्रोत्साहन राशि वितरित की जाएगी। अंतिम वर्ष 2033-34 में 2032-33 की अतिरिक्त बिक्री के आधार पर प्रोत्साहनों का निपटान किया जाएगा।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved