देश मध्‍यप्रदेश

मप्रः उत्साह और हर्षोल्लास से मनाई गई स्वतंत्रता दिवस की 75वीं वर्षगांठ

भोपाल। मध्यप्रदेश (Madhya Pradesh) में आजादी के अमृत महोत्सव (nectar festival of freedom) में देश की 75वीं स्वतंत्रता वर्षगांठ हर्षोल्लास (75th Independence Anniversary Celebration) के साथ मनाई गई। भोपाल में राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान (Chief Minister Shivraj Singh Chouhan) ने ध्वजारोहण कर भव्य परेड की सलामी ली और प्रदेशवासियों से विकास में जन-भागीदारी का आह्वान किया। विधानसभा अध्यक्ष, राज्य मंत्रि-परिषद के सदस्यों और जिला कलेक्टर्स ने स्वतंत्रता दिवस के जिला स्तरीय कार्यक्रम में ध्वजारोहण कर मुख्यमंत्री का प्रदेश की जनता के नाम संदेश का वाचन किया।

रीवा के एसएएफ ग्राउंड में विधानसभा अध्यक्ष गिरीश गौतम ने ध्वजारोहण कर संयुक्त परेड की सलामी ली। इस मौके पर पुलिस बल द्वारा हर्ष फायर कर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी गई। विधानसभा अध्यक्ष गौतम ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया।


इंदौर जिले में राष्ट्रीय पर्व स्वतंत्रता दिवस पूर्ण गरिमा, जोश, उमंग और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। रूस्तमजी आर्म्ड पुलिस ट्रेनिंग कॉलेज मैदान में गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। गृह मंत्री ने मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन किया।

जबलपुर में लोक निर्माण मंत्री गोपाल भार्गव, नरसिंहपुर में वन मंत्री डॉ. कुंवर विजय शाह, उज्जैन में वाणिज्यिक कर एवं वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा, मण्डला में खाद्य नागरिक आपूर्ति मंत्री बिसाहूलाल सिंह, देवास जिले में खेल एवं युवा कल्याण मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया, सागर में नगरीय विकास एवं आवास मंत्री भूपेन्द्र सिंह ने ध्वजारोहण किया और परेड की सलामी ली। मुख्य अतिथियों ने देश की प्रगति के प्रतीक रंग-बिरंगे गुब्बारे आसमान में छोड़े। इस मौके पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारी को पुरस्कृत भी किया गया।

अनूपपुर में जनजातीय कार्य मंत्री मीना सिंह मांडवे, छिंदवाड़ा में कृषि मंत्री कमल पटेल, दमोह में राजस्व, परिवहन मंत्री गोविंद सिंह राजपूत, सिंगरौली में खनिज साधन मंत्री बृजेन्द्र प्रताप सिंह, विदिशा में चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास कैलाश सारंग, गुना में ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर, छतरपुर में सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री ओमप्रकाश सखलेचा ने स्वतंत्रता दिवस पर ध्वजारोहण किया और आकर्षक परेड की सलामी ली। कार्यक्रम में पुलिस बैंड ने लयबद्ध ध्वनि के साथ राष्ट्रगान का गायन किया। कार्यक्रम में कोविड रोकथाम में शत-प्रतिशत वैक्सीनेशन करने वाली ग्राम पंचायतों की टीम को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया।

खण्डवा में पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री ऊषा ठाकुर, रायसेन में सहकारिता मंत्री अरविंद भदौरिया, राजगढ़ में उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. मोहन यादव, बड़वानी में नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री हरदीप सिंह डंग, मंदसौर में औद्योगिक नीति एवं निवेश प्रोत्साहन मंत्री राजवर्धन सिंह प्रेम सिंह दत्तीगांव ने ध्वजारोहण किया और आकर्षक परेड की सलामी ली। मुख्य अतिथियों ने मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन भी किया। समारोह में सुरक्षा बल की टुकड़ियों ने हर्ष फायर कर राष्ट्रगान की धुन बजाई।

मुरैना में उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण (स्वतंत्र प्रभार) राज्य मंत्री भारत सिंह कुशवाह, झाबुआ में स्कूल शिक्षा (स्वतंत्र प्रभार) राज्य मंत्री इंदर सिंह परमार, शहडोल में पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण (स्वतंत्र प्रभार) राज्य मंत्री रामखेलावन पटेल, पन्ना में आयुष (स्वतंत्र प्रभार), जल संसाधन राज्य मंत्री राम किशोर (नानो) कांवरे, शाजापुर में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी राज्य मंत्री बृजेन्द्र सिंह यादव, दतिया में लोक निर्माण राज्य मंत्री सुरेश धाकड़ ने 76वें स्वतंत्रता दिवस समारोह में ध्वजारोहण कर आकर्षक परेड की सलामी ली। उन्होंने मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन किया। मुख्य अतिथि ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मियों को सम्मानित किया।

रतलाम जिले में 76वाँ स्वतंत्रता दिवस समारोह उत्साह के माहौल में मनाया गया। जिला मुख्यालय पर नगरीय विकास तथा आवास राज्य मंत्री ओपीएस भदौरिया ने ध्वजारोहण किया। मुख्य अतिथि ने परेड का निरीक्षण कर परेड की सलामी ली। उन्होंने मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन किया। मंत्री भदौरिया ने जिले में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारी को सम्मानित किया।

धार में जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने स्वतंत्रता दिवस पर कारम डेम पर ध्वजारोहण कर एनडीआरएफ और रेस्क्यू ऑपरेशन में शामिल सभी सहभागियों का सम्मान किया।

इसी प्रकार शेष 23 जिला मुख्यालयों क्रमश: ग्वालियर, शिवपुरी, निवाड़ी, हरदा, सतना, कटनी, डिण्डौरी, आगर-मालवा, नर्मदापुरम, खरगोन, भिण्ड, टीकमगढ़, अशोकनगर, सिवनी, नीमच, उमरिया, बुरहानपुर, अलीराजपुर, श्योपुर, बैतूल, सीहोर, सीधी और बालाघाट में जिला कलेक्टर ने ध्वजारोहण कर मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन किया। (एजेंसी, हि.स.)

Share:

Next Post

भारत जैसी देव भूमि विश्व में कहीं नहीं : मंत्री उषा ठाकुर

Tue Aug 16 , 2022
– प्रख्यात गायक शान ने देश-भक्ति गीतों की दी संगीतमयी प्रस्तुति भोपाल। संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री उषा ठाकुर (Minister Usha Thakur) ने कहा कि भारत (India) जैसी देवभूमि (Devbhoomi) विश्व में कहीं नहीं है। यह देवभूमि ईश्वर ने बनाई है। यहां कण-कण में शंकर और बूंद-बूंद में गंगाजल है। मंत्री उषा ठाकुर सोमवार शाम को […]