बड़ी खबर भोपाल न्यूज़ (Bhopal News) मध्‍यप्रदेश

MP: 94 प्रतिशत पात्र नागरिकों को वैक्सीन की पहली, 77 फीसदी को लगी दोनों डोज

– दिसम्बर अंत तक 100 प्रतिशत को दोनों डोज लगाने का लक्ष्य

भोपाल। मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) में कोरोना से बचाव (protection from corona) के लिए वैक्सीन के रूप में लोगों को सुरक्षा कवच देने का कार्य तेजी से चल रहा है। वैक्सीनेशन के लिये टीकाकरण महाअभियानों (vaccination campaigns) की श्रंखला चलाई जा रही है। राज्य में अब तक 94 प्रतिशत पात्र आबादी को वैक्सीन की पहली डोज और 77 प्रतिशत को वैक्सीन की दोनों डोज दी जा चुकी हैं।

जनसम्पर्क अधिकारी महेश दुबे ने मंगलवार को बताया कि टीकाकरण की श्रृंखला का महाअभियान-10 आगामी 16 दिसंबर को सभी जिलों में संचालित होगा। राज्य सरकार का लक्ष्य है कि चालू दिसंबर माह के अंत तक प्रदेश की शत-प्रतिशत पात्र आबादी को वैक्सीन की दोनों डोज लग जाएं।


उन्होंने बताया कि प्रदेश में 18 वर्ष से अधिक आयु के अनुमानित 5 करोड़ 49 लाख नागरिकों में से अब तक 5 करोड़ 17 लाख को पहली और 4 करोड़ 33 लाख को वैक्सीन की दोनों डोज लग चुकी हैं। इस उल्लेखनीय उपलब्धि में जन-भागीदारी के रूप में जन-प्रतिनिधियों, धर्मगुरुओं, समाज के सभी वर्गों के प्रतिष्ठित व्यक्तियों, विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों के साथ स्वास्थ्य विभाग सहित अन्य विभागों के अधिकारी-कर्मचारियों की अहम भूमिका रही है।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में शुरू हुए कोविड टीकाकरण महाअभियान के 8 दिसंबर तक 9 चक्र पूरे हो चुके हैं। इसी क्रम में 16 दिसंबर को महाअभियान चलाया जायेगा। टीकाकरण महाअभियान में प्रदेश ने देश में एक दिन में सबसे ज्यादा टीके लगाने से लेकर अनेक रिकॉर्ड कायम किये गये। पहला कोविड टीकाकरण महाअभियान 21 जून को संचालित हुआ, जिसमें एक दिन में 16 लाख 95 हजार कोविड टीके लगाने का राष्ट्रीय रिकॉर्ड कायम हुआ। दूसरा कोविड टीकाकरण महाअभियान 25 अगस्त को हुआ, जिसमें एक दिन में सर्वाधिक 23 लाख कोविड टीके लगाकर प्रदेश ने 21 जून को बनाया गया अपना ही रिकॉर्ड ब्रेक किया। टीकाकरण का तीसरा महाअभियान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन-17 सितंबर को आयोजित किया गया। तीसरे महाअभियान में भी पहले दो महाअभियान के रिकॉर्ड को ब्रेक करते हुए एक दिन में 25 लाख लोगों को वैक्सीन डोज लगाकर नया रिकॉर्ड कायम किया गया। चौथे टीकाकरण महाअभियान में 27 सितंबर को 12 लाख से अधिक, 10 नवंबर को चौथे महाअभियान में 13 लाख 52 हजार, 17 नवंबर को पांचवें महाअभियान में 17 लाख से अधिक, 24 नवंबर को छठे महाअभियान में 18 लाख से अधिक लोगों को टीका लगाया गया। 1 दिसंबर को आठवें महाअभियानमें 15 लाख 79 हजार और 8 दिसंबर को नौंवे महाअभियान में 12 लाख 58 हजार लोगों को टीके लगाए गए। (एजेंसी, हि.स.)

Share:

Next Post

भोपाल सीवेज हादसा : मृतकों के परिजनों को मिलेंगे 10-10 लाख रुपये

Wed Dec 15 , 2021
– अंकिता कंस्ट्रक्शन कम्पनी के विरुद्ध एफआईआर दर्ज करने के निर्देश भोपाल। प्रदेश के नगरीय विकास एवं आवास मंत्री भूपेन्द्र सिंह (Urban Development and Housing Minister Bhupendra Singh) ने सीवेज परियोजना लाऊखेड़ी में हुई दुर्घटना (accident in sewage project laukhedi) में दोनों मृतकों के परिजन को 10-10 लाख रुपये देने का ऐलान किया है। मंत्री […]