
ग्वालियर। ग्वालियर में पत्नी की हत्या के मामले में अदालत ने दोषी पति को उम्रकैद की सजा सुनाई है। घाटीगांव थाना क्षेत्र के खेरिया मोदी गांव में पांच साल पहले हुई इस वारदात में पति फूल सिंह रजक उर्फ भगत ने अपनी पत्नी मंदाकिनी की गला दबाकर हत्या कर दी थी। इतना ही नहीं, हत्या को छिपाने और सबूत मिटाने की कोशिश भी की थी। अदालत ने हत्या के मामले में उम्रकैद और साक्ष्य मिटाने के मामले में दो साल के सश्रम कारावास की सजा सुनाई है।
दरअसल घटना 18 जुलाई 2021 की रात करीब 9 बजकर 10 मिनट की है। खेरिया मोदी गांव में फूल सिंह रजक और उसकी पत्नी मंदाकिनी घर पर थे। इसी दौरान दोनों के बीच विवाद हुआ। आरोप है कि फूल सिंह ने मंदाकिनी को थप्पड़ मारा,जिसके बाद उसने साड़ी से फांसी लगा ली। पति उसे अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। शुरुआत में मामला संदिग्ध मौत के रूप में दर्ज किया गया था। लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आए तथ्यों ने मामले की दिशा बदल दी। पोस्टमार्टम में मंदाकिनी की मौत फांसी लगाने से नहीं, बल्कि गला दबाने से होने की बात सामने आई। गले और शरीर पर चोट के निशान भी मिले थे। अदालत में बताया गया कि वारदात के बाद आरोपी ने खून साफ करने और घटना से जुड़े सबूत छिपाने की कोशिश की थी। पुलिस ने घटनास्थल से लाल रंग का दुपट्टा भी जब्त किया था।
इस मामले में पोस्टमार्टम करने वाले डॉक्टर की गवाही अहम रही। उन्होंने अदालत को बताया कि मंदाकिनी की मौत फांसी लगाने से नहीं, बल्कि गला दबाने से हुई थी। पुलिस ने जांच के बाद फूल सिंह के खिलाफ हत्या और सबूत मिटाने की धाराओं में मामला दर्ज किया था,आरोपी की गिरफ्तारी 22 जुलाई 2021 को की गई थी।मामले की सुनवाई के बाद अदालत ने फूल सिंह रजक उर्फ भगत को भारतीय दंड संहिता की धारा 302 के तहत आजीवन कारावास और एक हजार रुपये अर्थदंड की सजा सुनाई। वहीं धारा 201 के तहत दो साल का सश्रम कारावास और एक हजार रुपये जुर्माना लगाया है। दोनों सजाएं साथ-साथ चलेंगी।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved