खेल भोपाल न्यूज़ (Bhopal News) मध्‍यप्रदेश

मप्र के तीरंदाज अमित कुमार का टोक्यो ओलंपिक के सिलेक्शन ट्रायल में चयन

भोपाल। टोक्यो ओलंपिक गेम्स के लिए टाटा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स जमशेदपुर, झारखंड में गत 23 नवम्बर से 27 नवम्बर तक आयोजित सिलेक्शन ट्रायल में मध्यप्रदेश राज्य तीरंदाजी अकादमी के तीरंदाज अमित कुमार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 2880 अंकों के विरुद्ध 2655 के स्कोर के साथ तीसरा स्थान प्राप्त किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर अमित कुमार का पुणे में होने वाले इंडिया कैंप के लिए चयन हुआ है।

उल्लेखनीय है कि इससे पहले ओलंपिक के इंडिया कैंप के लिए देशभर के 8 खिलाड़ियों का चयन हुआ था। कोरोना काल के बाद पुनः ओलंपिक हेतु इंडिया कैंप के लिए चयन प्रतियोगिता झारखंड में आयोजित की गई। सिलेक्शन ट्रायल में देश के 29 खिलाड़ियों ने भागीदारी की, जिसमें मध्य प्रदेश तीरंदाजी अकादमी जबलपुर के दो खिलाड़ी अमित कुमार और अमित यादव ने भाग लिया और उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए टॉप आठ में जगह बनाई। इनमें से अमित कुमार ने टॉप 4 में आकर ओलंपिक के इंडिया कैंप में अपनी जगह बनाई।

प्रदेश का गौरव बढ़ा रहे खिलाड़ी

मप्र तीरंदाजी अकादमी जबलपुर में वर्ष 2016 से प्रशिक्षणरत अमित कुमार ने वर्ष 2018 में पुणे में आयोजित सीनियर राष्ट्रीय तीरंदाजी प्रतियोगिता की टीम स्पर्धा में स्वर्ण पदक मध्य प्रदेश को दिलाया। उन्होंने मिनी नेशनल (अंडर-14) में भी स्वर्ण पदक जीतकर मध्य प्रदेश का नाम रोशन किया है। अमित कुमार के टोक्यो ओलंपिक के लिए आयोजित इंडिया कैंप में चयन होने पर उन्हें खेल और युवा कल्याण मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया ने बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि हमारे खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन कर मध्य प्रदेश का गौरव बढ़ा रहे हैं।

खेल संचालक पवन कुमार जैन ने बताया कि वर्ष 2013 में खेल और युवा कल्याण मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया की पहल पर प्रारंभ हुई मध्य प्रदेश राज्य तीरंदाजी अकादमी के माध्यम से तैयार खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय एवं राष्ट्रीय प्रतियोगिताओ में उत्कृष्ठ प्रदर्शन कर रहे हैं और पदक जीतकर प्रदेश को गौरवान्वित कर रहे हैं। मप्र राज्य तीरंदाजी अकादमी के मुख्य प्रशिक्षक रिचपाल सिंह सलारिया एवं सहायक प्रशिक्षक अशोक कुमार यादव, रश्मि सिंह एवं रवि प्रधान के मार्गदर्शन में खिलाड़ी तीरंदाजी का प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। (एजेंसी, हि.स.)

Share:

Next Post

यूएनडीपी और इन्‍वेस्‍ट इंडिया ने भारत के लिए एसडीजी इनवेस्‍टर मैप किया लॉन्‍च

Fri Nov 27 , 2020
नई दिल्‍ली। संयुक्त राष्ट्र विकास कार्यक्रम (यूएनडीपी) और इन्‍वेस्‍ट इंडिया ने भारत के लिए एसडीजी (सतत विकास लक्ष्‍य) इनवेस्‍टर मैप (निवेशक मानचित्र) लॉन्‍च किया। इनवेस्‍टर मैप में सतत विकास लक्ष्‍य में सक्षम 6 महत्‍वपूर्ण क्षेत्रों में निवेश के अवसर वाले 18 क्षेत्रों को दिखाया गया है। इस मौके पर इन्‍वेस्‍ट इंडिया के सीईओ और एमडी […]