
वेलिंगटन. भारत (India) और न्यूजीलैंड (New Zealand) के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला वेलिंगटन (Wellington) के बेसिन रिजर्व में खेला जा रहा है, आज (22 नवंबर) इस मुकाबले का चौथा दिन है. भारतीय टीम (Team India) ने अपनी पहली पर 720/9 के स्कोर पर घोषित की. पहली पारी के आधार पर भारत ने न्यूजीलैंड पर 352 रनों की लीड ली. अब न्यूजीलैंड की टीम अपनी दूसरी पारी में बैटिंग कर रही है. न्यूजीलैंड के 2 विकेट गिरे हैं. मुकाबले में भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने टॉस जीता और पहले गेंदबाजी का निर्णय लिया था. न्यूजीलैंड ने अपनी पहली पारी में 368 रन बनाए.
ऐसी रही है न्यूजीलैंड की दूसरी पारी
दूसरी पारी में भी न्यूजीलैंड की शुरुआत खराब रही. जसप्रीत बुमराह ने दूसरी ही गेंद पर टॉम लैथम को चलता कर दिया, जो अपना खाता भी नहीं खोल पाए.
भारत की पहली पारी: राहुल-पंत के शतक
वेलिंगटन टेस्ट में तीसरे दिन का खेल पूरी तरह भारत के नाम रहा था. तीसरे दिन भारतीय टीम ने केवल 3 विकेट गंवाए. सलामी बल्लेबाज केएल राहुल ने 9 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 290 गेंदों पर 136 रनों की शानदार पारी खेली. वहीं देवदत्त पडिक्कल ने 10 चौके की मदद से 175 गेंदों पर 80 रन बनाए. राहुल और पडिक्कल के बीच दूसरे विकेट के लिए 165 रनों की साझेदारी हुई. भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने 146 बॉल पर 98 रनों का योगदान दिया. उनकी पारी में 9 चौके और दो छक्के शामिल रहे. तीसरे दिन विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत ने भी बेहतरीन बल्लेबाजी की. इससे पहले दूसरे दिन के खेल में यशस्वी जायसवाल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 89 गेंदों पर 85 रन बनाकर अच्छे स्कोर की नींव रखी थी.
चौथे दिन ऋषभ पंत ने नाइटवॉचमैन अंशुल कम्बोज संग इनिंग्स को आगे बढ़ाया. दोनों के बीच पांचवें विकेट के लिए 68 रनों की साझेदारी हुई. ग्लेन फिलिप्स ने कम्बोज (38 रन) को आउट कर इस साझेदारी का अंत किया. कम्बोज के आउट होने के कुछ देर बाद पंत ने अपना 9वां टेस्ट शतक पूरा कर लिया. पंत ने 153 गेंदों पर 128 रन बनाए, जिसमें 10 चौके और 6 छक्के शामिल रहे. पंत का विकेट रचिन रवींद्र ने लिया. पंत और ध्रुव जुरेल के बीच छठे विकेट के लिए 75 रनों की साझेदारी हुई.
यह भी पढ़ें: IND vs NZ: ऋषभ पंत ने रच दिया इतिहास… SENA कंट्रीज में बनाया महारिकॉर्ड, ब्रैंडन मैक्कुलम भी पीछे छूटे
ऋषभ पंत के आउट होने के बाद ध्रुव जुरेल ने वॉशिंगटन सुंदर के साथ मिलकर इनिंग्स को आगे बढ़ाया. सुंदर 24 रन बनाकर रचिन रवींद्र का शिकार बने. वहीं आकाश दीप (13 रन) को ग्लेन फिलिप्स ने चलता किया. जुरेल ने 7 चौके और एक छक्के की मदद से 79 बॉल पर 78 रनों का योगदान दिया. जुरेल के आउट होते ही भारतीय टीम ने अपनी इनिंग्स घोषित कर दी. न्यूजीलैंड के लिए ग्लेन फिलिप्स ने सबसे ज्यादा तीन विकेट चटकाए. वहीं रचिन रवींद्र ने 2 विकेट हासिल किए. मैट हेनरी, जैकब डफी, काइल जेमिसन और नाथन स्मिथ को एक-एक विकेट मिला.
न्यूजीलैंड की पहली पारी में निकोल्स-फिलिप्स के शतक
न्यूजीलैंड ने पहली पारी में 70 रन पर पांच विकेट गंवाने के बाद शानदार वापसी की थी. हेनरी निकोल्स ने 335 गेंदों पर नाबाद 175 रन बनाए, जिसमें 21 चौके शामिल रहे. वहीं ग्लेन फिलिप्स ने 216 गेंदों पर 118 रनों की पारी खेली. दोनों बल्लेबाजों ने छठे विकेट के लिए 216 रनों की साझेदारी कर न्यूजीलैंड को शुरुआती झटकों से उबारा. भारतीय गेंदबाजों में जसप्रीत बुमराह सबसे सफल रहे. उन्होंने चार विकेट झटके, जबकि आकाश दीप को तीन और अंशुल कम्बोज को दो सफलताएं मिलीं. प्रसिद्ध कृष्णा के खाते में एक विकेट आया.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved