देश भोपाल न्यूज़ (Bhopal News) मध्‍यप्रदेश

मप्रः 213 जनपदों में अध्यक्ष पद पर भाजपा का कब्जा, 77 में कांग्रेस को मिली जीत

भोपाल। मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) में गुरुवार को दूसरे चरण में हुए जनपद पंचायतों (Janpad Panchayats) के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के चुनाव (Election of President and Vice President) के बाद नगरीय निकायों में स्थिति साफ हो गयी है। जनपद पंचायत अध्यक्ष के चुनाव में भाजपा ने दो तिहाई से ज्यादा सीटों पर कब्जा कर लिया। कुल 312 जनपद पंचायत के अध्यक्ष के लिए हुए चुनाव में 213 भाजपा समर्थक जीते। कांग्रेस को 77 जनपदों में जीत मिली है।

नगरीय निकास के लिए हुए चुनाव की तुलना में भाजपा को जनपद पंचायत के चुनाव में बड़ी विजय मिली है। दूसरे चरण के लिए गुरुवार को हुए निर्वाचन में कुल 143 में से 142 जनपद पंचायत के अध्यक्ष-उपाध्यक्ष का चुनाव हुआ। इसमें 104 पर भाजपा, 31 पर कांग्रेस और सात स्थानों पर गोंडवाना गणतंत्र पार्टी व अन्य के सदस्य अध्यक्ष निर्वाचित हुए हैं। मंदसौर की गरोठ जनपद पंचायत में न्यायालय का स्थगन होने के कारण चुनाव नहीं हुआ। इससे पहले बुधवार को 170 जनपदों में अध्यक्ष-उपाध्यक्ष के निर्वाचन हुए थे।


जनपद पंचायत के अध्यक्ष-उपाध्यक्ष पद का चुनाव काफी कशमकश भरा रहा। भाजपा और कांग्रेस ने अपने समर्थक सदस्यों को अध्यक्ष बनवाने के लिए धार्मिक और पर्यटन स्थलों की यात्राएं कराईं। भाजपा ने मंत्रियों, सांसद, विधायक और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को जिम्मेदारी सौंपी तो कांग्रेस ने पूर्व मंत्रियों और विधायकों को मैदान में उतारा था। सदस्यों को प्रलोभन देने और धमकाने के आरोप भी लगे और चुनाव के समय कई स्थानों पर तनाव की स्थिति भी बनी लेकिन प्रशासन की सतर्कता के कारण कोई अप्रिय स्थिति निर्मित नहीं हुई।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने जनपद पंचायत के अध्यक्ष-उपाध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया पूरी होने पर कहा कि भाजपा को ऐतिहासिक सफलता मिली है। 313 में से 226 से अधिक भी भाजपा के अध्यक्ष-उपाध्यक्ष चुनाव जीते हैं। स्वतंत्र अध्यक्षों में भी हमारे समर्थक हैं। इसके पहले जनपद पंचायत चुनाव में इतनी सफलता भाजपा को नहीं मिली। मैं मतदाताओं के प्रति आभार जताता हूं और निर्वाचित अध्यक्ष-उपाध्यक्षों को बधाई देता हूं। साथ ही यह विश्वास दिलाता हूं कि जनता की कसौटी पर खरा उतरने में हम कोई कसर न छोड़ेंगे। प्रदेश की सरकार सदैव हर संभव सहयोग करेगी। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ता, प्रदेश अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा, मंत्री, सांसद, विधायक को धन्यवाद देते हुए कहाकि हम सब मिलकर जनता की सेवा और ग्रामीण विकास के लिए बेहतर काम करेंगे।

पंचायत चुनाव में कांग्रेस को जनता ने दिया अभूतपूर्व समर्थन-कमल नाथ

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमल नाथ ने कहा कि जनपद पंचायत के चुनाव में कांग्रेस पार्टी को दिए गए अभूतपूर्व समर्थन के लिए मैं मध्य प्रदेश की सम्मानित जनता का अभिनंदन करता हूं। पुलिस, पैसा और प्रशासन के दबाव के बीच आपने जिस तरह निर्भीक होकर वोट डाला और लोकतंत्र को मजबूत किया, वह अनुकरणीय है। उन्होंने कांग्रेस के सभी विजेता प्रत्याशियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हम आगे भी इसी तरह मिलकर जनहित के लिए काम करते रहेंगे। कांग्रेस ने दावा किया कि उसे 167 जनपद पंचायतों में जीत हासिल हुई है। (एजेंसी, हि.स.)

Share:

Next Post

मप्र को मिला गर्वमेंट सेक्टर इनिशिएटिव अवॉर्ड टू प्रमोट डिजिटल लर्निंग

Fri Jul 29 , 2022
-हैदराबाद में 24वें वर्ल्ड एजुकेशन समिट में आयुक्त दीपक सिंह हुए पुरस्कृत भोपाल। उच्च शिक्षा (higher education) के क्षेत्र में मध्यप्रदेश (Madhya Pradesh ) ने राष्ट्रीय स्तर (national level ) पर बड़ी उपलब्धि ( big achievement ) हासिल की है। हैदराबाद में 24वें वर्ल्ड एजुकेशन समिट में गुरुवार को प्रदेश के उच्च शिक्षा विभाग को […]