
सीहोर: मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) के सीहोर जिले जमीन के मामूली विवाद के चलते सगे चाचा ने बेटे के साथ मिलकर अपने ही भतीजे और भतीजी की बेरहमी से हत्या कर दी. सीहोर एसपी दीपक शुक्ला ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि मुख्य आरोपी और उसके बेटे को हिरासत में ले लिया है.
जानकारी के अनुसार, घटना शुक्रवार सुबह करीब 7:30 बजे सिद्धिकगंज थाना क्षेत्र के धारमपुरा गांव की है. मृतक शीतल मालवीय (20 वर्ष) और उसका छोटा भाई कुलदीप मालवीय (19 वर्ष) सुबह अपने घर से परीक्षा देने के लिए निकले थे. रास्ते में ही उनके चाचा हरिसिंह मालवीय और उनके चचेरे भाई ने उन्हें घेर लिया. पुरानी रंजिश और जमीन विवाद को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई.
डंडों से किया ताबड़तोड़ हमला
आरोप है कि चाचा और उसके बेटे ने मिलकर शीतल और कुलदीप पर डंडों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया. हमला इतना भीषण था कि दोनों भाई-बहन लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े. चीख-पुकार सुनकर जब तक ग्रामीण मौके पर पहुंचे, आरोपी वहां से फरार हो चुके थे. स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पुलिस मामले की हर पहलू से गहन जांच कर रही है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
पुलिस की कार्रवाई और गांव में तनाव
सीहोर एसपी दीपक शुक्ला ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी हरिसिंह मालवीय और मृतकों के पिता जगदीश मालवीय के बीच लंबे समय से पैतृक संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा था. इसी पुरानी दुश्मनी के चलते आरोपियों ने यह वारदात अंजाम दी. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी हरिसिंह मालवीय और उसके बेटे को हिरासत में ले लिया है. इस दोहरी हत्या के बाद धारमपुरा गांव में भारी तनाव का माहौल है, जिसे देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है. इस घटना से परिवार सदमे में है, जबकि गांव में तनाव और मातम का माहौल है.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved