भोपाल। खेलो इंडिया महिला हॉकी लीग-2021-22 (Khelo India Women’s Hockey League-2021-22) (अंडर-21) का दूसरा चरण 22 से 28 फरवरी तक लखनऊ, उत्तर प्रदेश में खेला जा रहा है। इस लीग के ग्रुप-बी में मध्य प्रदेश राज्य महिला हॉकी अकादमी (Madhya Pradesh State Women’s Hockey Academy) की टीम ने साई-बी की टीम को एकतरफा मुकाबले में 7-0 से पराजित कर विजयी शुरूआत की।
म.प्र. हॉकी अकादमी की खिलाड़ी साधना सेंगर ने पहले क्वार्टर के 6वें मिनट में फील्ड गोल कर टीम को 1-0 से बढ़त दिलाई। दूसरे क्वार्टर के 20वें मिनट में योगिता बोरा तथा 27वें मिनट में भूमिक्षा साहू ने एक-एक फील्ड गोल कर टीम को 3-0 से आगे कर दिया। मैच के तीसरे क्वार्टर के 37वें मिनट में अकादमी की खिलाड़ी ऋतिका सिंह ने पेनाल्टी कार्नर से एक गोल और 42वें मिनट में एक फील्ड गोल कर टीम को 5-0 की बढ़त दिलाई। मैच के चौथे और अंतिम क्वार्टर में अकादमी की खिलाड़ी नीरज राणा ने 52वें तथा 55वें मिनट में टीम के लिए एक-एक फील्ड गोल किए। इस प्रकार म.प्र. हॉकी अकादमी ने यह मुकाबला 7-0 से जीत लिया। साई-बी की टीम एक भी गोल नहीं कर सकी।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved