
धार। मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) के धार जिले (Dhar district) में शुक्रवार सुबह एक सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहां बदमाशों ने फिल्मी अंदाज में एक ठेकेदार (Contractor) के घर फर्जी इनकम टैक्स (Fake Income Tax raid) छापेमारी कर लाखों की लूट को अंजाम दे दिया. आरोपियों ने खुद को इनकम टैक्स अधिकारी (Income Tax Officer) बताकर घर में प्रवेश किया और तलाशी के बहाने करीब 50 तोला सोना, चार लाख रुपये नकद और मोबाइल फोन लेकर फरार हो गए।
नकली अफसर बनकर आए थे बदमाश
घटना बाग क्षेत्र के ब्राह्मण मोहल्ले की बताई जा रही है. जानकारी के अनुसार एमपीईबी ठेकेदार राजकुमार मालवीय के घर सुबह करीब 9:40 बजे बिना नंबर की स्कॉर्पियो में सवार बदमाश पहुंचे. इनमें से दो आरोपी खाकी वर्दी में थे, जबकि तीन अन्य सिविल ड्रेस में थे. उन्होंने दरवाजा खटखटाकर खुद को इनकम टैक्स विभाग का अधिकारी बताया और ब्लैक मनी की शिकायत का हवाला देते हुए घर की तलाशी लेने की बात कही।
पीड़िता कृष्णा मालवीय के अनुसार आरोपियों ने घर में घुसते ही अलमारी और अन्य जगहों की तलाशी शुरू कर दी. उन्होंने अलमारी की चाबी भी ले ली और घर के अलग-अलग कमरों में जाकर जांच करने लगे. इस दौरान बदमाशों ने परिवार के लोगों को एक कमरे में बैठाकर उनके मोबाइल फोन भी अपने कब्जे में ले लिए।
15 मिनट में 50 तोला सोना लेकर हुए फरार
करीब 15 मिनट तक घर की तलाशी लेने के बाद आरोपियों ने अलमारी से करीब 50 तोला सोने के जेवर, चार लाख रुपये नकद और मोबाइल फोन अपने साथ ले लिए. इसके बाद वो तेजी से वहां से फरार हो गए. घटना के बाद परिवार को शक हुआ कि ये असली अधिकारी नहीं थे।
मामले की सूचना मिलते ही मध्य प्रदेश पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. पुलिस ने आसपास के इलाकों में नाकेबंदी कर दी है और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं. आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए साइबर टीम की भी मदद ली जा रही है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved