खेल भोपाल न्यूज़ (Bhopal News) मध्‍यप्रदेश

मप्र कयाकिंग-केनोइंग अकादमी के छह खिलाड़ी इंडिया कैम्प के लिए चयनित

– कयाकिंग के तीन और केनोइंग के तीन खिलाडिय़ों ने किया ओलम्पिक क्वालिफाय

भोपाल। मप्र की राजधानी भोपाल स्थित छोटी झील में गत दिवस भारतीय कयाकिंग-केनोइंग महासंघ द्वारा ओलम्पिक क्वालिफाय एवं एशियन चैम्पियनशिप के लिए आयोजित सिलेक्शन ट्रायल में राज्य वाटर स्पोट्र्स अकादमी के छह कयाकिंग-केनोइंग खिलाडिय़ों ने क्वालीफाय किया। इनमें तीन बालक और तीन बालिका खिलाड़ी शामिल हैं। चयनित खिलाड़ी ओलम्पिक क्वालिफाय एवं एशियन चैम्पियनशिप की तैयारी के लिए होने वाले इंडिया कैम्प में प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे।

खेल विभाग के जनसम्पर्क अधिकारी महेन्द्र व्यास ने बताया कि सिलेक्शन ट्रायल में देश भर के 83 खिलाडिय़ों ने भाग लिया था, जिनमें राज्य वाटर स्पोट्र्स अकादमी के छह खिलाड़ी ओलम्पिक क्वालिफाय एवं एशियन चैम्पियनशिप के लिए चयनित हुए हैं। उन्होंने बताया कि ओलम्पिक क्वालिफाय एवं एशियन चैम्पियनशिप का फायनल क्वालीफाय राउण्ड 14 से 17 मार्च, 2021 तक थाईलैण्ड के पटाया में खेला जायेगा।

यह खिलाड़ी हुए चयनित
इंडिया कैम्प के लिए चयनित होने वाले खिलाडिय़ों में कयाकिंग खिलाड़ी बलबीर जाट, सी. देवव्रता सिंह और सुषमा वर्मा तथा केनोइंग खिलाड़ी कावेरी ढ़ीमर, नमिता चंदेल और देवेन्द्र सेन शामिल हैं। सिलेक्शन ट्रायल में खिलाडिय़ों ने प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए इंडिया कैम्प के लिए क्वालीफाय किया। अकादमी के मुख्य प्रशिक्षक कैप्टन पीजूष बारोई ने बताया कि अकादमी की केनोइंग खिलाड़ी कावेरी ढीमर ने सिलेक्शन ट्रायल में देश भर के खिलाडिय़ों को पीछे छोड़ते हुए पहला स्थान प्राप्त किया।

प्रदेश का परचम फहरा रहे हमारे खिलाड़ी : खेल मंत्री
प्रदेश की खेल और युवा कल्याण मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया ने सिलेक्शन ट्रायल में क्वालीफाय करने वाले खिलाडिय़ों को बधाई देते हुए कहा कि हमारे खिलाड़ी सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर मध्यप्रदेश का परचम फहरा रहे हैं। उन्होंने इंडिया कैम्प के लिए चयनित सभी खिलाडिय़ों को उत्कृष्ट प्रतिभा प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित करते हुए शुभकामनाएं दी।

शानदार प्रतिभा का प्रदर्शन
खेल संचालक पवन जैन ने इंडिया कैम्प के लिए अकादमी के चयनित खिलाडिय़ों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि सिलेक्शन ट्रायल में अकादमी की प्रतिभावान खिलाड़ी कावेरी ढ़ीमर ने शानदार प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए स्वयं को न केवल श्रेष्ठ खिलाड़ी साबित किया, बल्कि देश में सर्वोच्च स्थान प्राप्त कर प्रदेश का मान बढ़ाया। इंडिया कैम्प के लिए प्रदेश के सर्वाधिक खिलाड़ी का चयन होना मध्य प्रदेश के लिए गौरव की बात है। (एजेंसी, हि.स.)

 

Share:

Next Post

रूस के साथ एस-400 सौदे के चलते भारत पर लग सकती हैं अमेरिकी पाबंदियां

Tue Jan 5 , 2021
वाशिंगटन । अमेरिकी कांग्रेस (US Congress) से जुड़ी एक रिपोर्ट में चेतावनी दी गयी है कि रूस निर्मित एस-400 वायु रक्षा प्रणाली खरीदने (S-400 deal) के लिए अरबों डॉलर के भारत (Bharat) के सौदे को लेकर अमेरिका (America) उस पर पाबंदियां लगा सकता है। अमेरिकी (संसद) कांग्रेस के स्वतंत्र एवं द्विदलीय शोध निकाय ‘कांग्रेसनल रिसर्च […]